पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • सफाई कर्मचारियों ने किया शहर में प्रदर्शन दूसरे कर्मियों को भी नहीं करने दिया काम

सफाई कर्मचारियों ने किया शहर में प्रदर्शन दूसरे कर्मियों को भी नहीं करने दिया काम

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नगर परिषद के सफाई कर्मचारी पिछले दस दिनों से काम छोड़ हड़ताल किए हुए हैं। अपनी 18 सूत्रीय मांगों को मंजूर कराने की जिद किए हुए हड़ताली कर्मचारियों ने शुक्रवार को शहर के सुभाष चौक में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन का पुतला फूंकते हुए रोष का इजहार किया। इससे पहले कुछ हड़ताली कर्मचारी नगर परिषद कार्यालय में जा घुसे और वहां पर विभिन्न कमरों में ड्यूटीरत कर्मचारियों को काम छोड़ हड़ताल में शामिल होने के लिए बाध्य करना शुरू कर दिया। कमरों को बंद करने का भी प्रयास किया तो इससे कार्यालय में अव्यवस्था का माहौल हो गया।

जिस वक्त हड़ताली कर्मचारी नगर परिषद कार्यालय में घुस कर अन्य कर्मचारियों के साथ बहसबाजी कर रहे थे उस वक्त न तो ईओ विरेंद्र सिंह सहारण कार्यालय में थे और न ही नगर परिषद की चेयरपर्सन शीला सहगल। लेकिन जब ईओ की नोटिस में यह मामला किसी कर्मचारी की ओर से लाया गया तो ईओ ने तत्काल डीसी प्रभजोत सिंह के संज्ञान में मामला ला दिया। डीसी ने कहा कि लिखित में शिकायत दीजिए केस दर्ज कराएंगे। लेकिन डीसी के पास किसी ने भी शिकायत नहीं दी।

जुलूस की शक्ल में सुभाष चौक पहुंचे सफाई कर्मचारी

नगर परिषद के मेन गेट के आगे धरनास्थल पर सभी हड़ताली कर्मचारी एकत्र हुए। बाद में जुलूस की शक्ल में सुभाष चौक पहुंचे। जुलूस का नेतृत्व नगर पालिका कर्मचारी संघ के जिला प्रधान चंद्रशेखर के अलावा सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान मदन लाल खोथ, जिला सचिव सोहन सिंह रंधावा, पूर्व जिला प्रधान महेंद्र शर्मा, प्रवीण कुमार, राजेंद्र सिंह, सुरेंद्र पाल, रोहतास, चेतराम, नरेश, कृष्णा, मनजीत कौर, निहालो देवी, नैना देवी व अन्य कर्मचारी कर रहे थे।

लघु सचिवालय परिसर में भी सफाई व्यवस्था चरमराई

सफाई कर्मचारियों की हड़ताल की वजह से लघु सचिवालय परिसर में भी सफाई व्यवस्था चरमराने लगी है। हैरत की बात यह है कि इसी परिसर में डीसी, एडीसी, एसडीएम, सिटीएम व अन्य विभागों के अधिकारियों के आॅफिस भी हैं। लेकिन फिर भी उनकी नाक के नीचे परिसर में गंदगी पसरी हुई है। दरख्तों के पत्ते बिखरे हुए हैं। इस परिसर में जो सफाई कर्मचारी नियुक्त हैं वे भी हड़ताल पर हैं। शहर के बाजारों के डिवाइडरों के दोनों तरफ और प्रमुख चौकों पर गंदगी बिखरी हुई है। पिछले दिनों हुई मामूली बरसात से ही उस गंदगी की वजह से मच्छरों की तादाद में भी इजाफा होने लगा है। मलेरिया और डेंगू फैलने के आसार हो गए हैं। इस बीच यह भी पता चला है कि एसडीएम राहुल हुड्डा ने कुछ समाजसेवी संस्थाओं के पदाधिकारियों से भी संपर्क कर उनको शहर में सफाई अभियान चलाने के लिए अपील की है।

डीसी बोले, दो सफाई कर्मियों की नियुक्त कर कराएंगे सफाई

डीसी प्रभजोत सिंह ने स्वीकारा कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल की वजह से शहर में गंदगी का आलम है। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल होने से लघु सचिवालय परिसर में सफाई करने वाले कर्मचारी भी हड़ताल पर चले गए हैं। परिसर की सफाई कराने के लिए दो सफाई कर्मियों की नियुक्ति कर उनसे सफाई कराएंगे। इसके अलावा एसडीएम भी कुछ समाजसेवी संस्थाओं के पदाधिकारियों से संपर्क कर सफाई अभियान शुरू करने का प्रयास करा रहे हैं।

ऐलनाबाद में भी सफाई कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन

ऐलनाबाद। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा से संबंधित नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा द्वारा अपनी मांगो को लागू करवाने को लेकर राज्य कमेटी के आह्वान पर चल रही अनिश्चितकालीन प्रदेश व्यापी हड़ताल जारी है। वहीं नगरपालिका ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत दस अस्थायी सफाई कर्मचारियों को काम पर लगाकर थोड़ी राहत प्रदान की है। नगरपालिका के हड़ताली कर्मचारियों ने शुक्रवार को शहर के चौधरी देवीलाल चौक में स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन का पुतला फूंककर रोष प्रदर्शन किया। पुतले की शव यात्रा निकाली और सरकार को जमकर कोसा। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने बताया कि नगरपालिका के सफाई कर्मचारी पिछले काफी लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लागू करवाने के लिए ब्लॉक एवं जिला स्तर पर झाडू प्रदर्शन एवं मशाल प्रदर्शन कर चुके हैं। वे अपनी जायज मांगो के बारे जिला प्रशासन एवं प्रदेश सरकार को ज्ञापन दे चुके हैं। इतना कुछ होने के बावजूद भी प्रदेश सरकार नगरपालिका कर्मचारियों की जायज मांगो को लागू नहीं कर रही है।

खबरें और भी हैं...