चौधरी देवीलाल यूनिवर्सिटी की ओर से जारी परीक्षाओं में सख्ती बढ़ा दी गई है। नकल रोकने के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। जहां एक ओर कड़ी जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को भीतर जाने दिया जा रहा है वहीं दूसरी आेर फ्लाइंग भी जांच में जुटी है। शुक्रवार को वीसी ने भी औचक निरीक्षण किया।
वीसी ने सुबह 11 बजे औचक निरीक्षण शुरू किया। वीसी ने केंद्र अधीक्षकों को दिशा-निर्देश भी जारी किए। वीसी ने कहा कि केंद्र में उचित प्रकाश के साथ-साथ पेयजल की भी उचित व्यवस्था होनी चाहिए। इसके बाद वीसी ने सीवी रमन स्थित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। कुलपति ने विद्यार्थियों से आह्वान किया है कि वे परीक्षाओं के दिनों में कठोर परिश्रम करें और परीक्षा केंद्रों में इलेक्ट्रॉनिक्स गैजेट्स व पाठ्य सामग्री के साथ न पहुंचे। वीसी ने उत्तरपुस्तिकाओं व प्रश्नपत्रों की जांच के साथ-साथ परीक्षा अधीक्षकों द्वारा परीक्षा केंद्रों में उपलब्ध परीक्षा सामग्री व अन्य रिकार्ड का भी निरीक्षण किया। वीसी ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन नकल रहित परीक्षाएं करवाने के लिए वचनबद्ध है और इसी उद्देश्य से परीक्षा शाखा द्वारा उड़नदस्तों का गठन किया गया है।