अवैध बसों के संचालन और रानियां-बणी रूट की समय सारिणी में बदलाव की मांग पूरी न करने पर 20 मई को हाेने वाला बसों का चक्का जाम अब एक सप्ताह के लिए टाल दिया गया है।
बस अड्डा परिसर में शुक्रवार काे हरियाणा रोडवेज कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति की एक बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता कर्मचारी नेता रामकुमार चुरनिया, सुरजीत अरोड़ा, भीम सिंह चक्का, कृष्ण भांभू, चंचल सिंह ने संयुक्त रूप से की। बैठक में अवैध बसों के संचालन और सिरसा-रानियां-बणी रूट की समय सारिणी को लेकर रोष जताया गया। बैठक में उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कर्मचारी नेताओं ने बताया कि इन मांगों को लेकर यूनियन पदाधिकारी जिला उपायुक्त से मिले थे और उन्हें इन समस्याओं के समाधान बारे आग्रह किया था। यूनियन नेताओं ने बताया कि जिला उपायुक्त ने अवैध बसों के संचालन पर पूरी तरह से रोक लगाने का विश्वास दिलाया और इसके लिए कुछ समय देने की अपील की। उन्होंने बताया कि जिला उपायुक्त से हुई बातचीत के बाद रोडवेज यूनियनों द्वारा 20 मई को चक्का जाम करने का फैसला रोक दिया गया है। उन्होंने बताया कि अवैध बसों के संचालन और समय सारिणी में बदलाव के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है। यदि एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो संयुक्त संघर्ष समिति आंदोलन का रास्ता अपनाएगी, जिसके लिए जिला प्रशासन जिम्मेवार होगा। इस मौके पर महासंघ के जिला प्रधान आत्माराम सहारण, देवीलाल, अजीत सिंह, रामस्वरूप ढाका, शिवकुमार शर्मा, सतेंद्र सिंह, सरदीश कुमार, चिमनलाल, अशोक कुमार, भलेराम व अन्य उपस्थित थे।