पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • पुलिस पब्लिक ने साथ साथ किया जमकर एंज्वाय खेले, थिरके और दिया समाज में भाईचारे का संदेश

पुलिस-पब्लिक ने साथ-साथ किया जमकर एंज्वाय खेले, थिरके और दिया समाज में भाईचारे का संदेश

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पुलिस का राहगीरी कार्यक्रम की शुरुआत भले ही विभिन्न खामियों के बीच हुई लेकिन तीन घंटे के इस कार्यक्रम में कुछ लोगों ने नाचते गाते हुए हफ्तेभर की थकान मिटाते हुए कार्यक्रम का लुत्फ भी उठाया। वहीं पुलिस ने पब्लिक के बीच अपनी छवि को लोकलुभावन बनाने के लिए राहगीरी का सहारा लेते हुए लोगों को सामाजिक बुराइयों को खत्म करने का संदेश भी दिया।

शहर के बरनाला रोड पर स्थित शहीद भगत सिंह खेल स्टेडियम के गेट के आगे सड़क किनारे और स्टेडियम के अंदर राहगीरी के तहत विभिन्न कार्यक्रम हुए जिसमें काफी तादाद में बच्चे, बूढ़े और युवाओं और महिलाओं ने मनोरंजन किया। स्टेडियम में डीजे के जरिए बजाए गए गानों की धुन पर लोगों ने जमकर डांस किया। इस डांस में जिले के एसपी हामिद अख्तर जो अक्सर गंभीर मुद्रा में नजर आते हैं भी खुल कर हंसते हुए थिरकते देखे गए। कार्यक्रम के मुख्यअतिथि जिला सेशन जज आरएन भारती थे जबकि विशिष्ट अतिथि डीसी प्रभजोत सिंह थे। उनके साथ अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायधीश प्रवीण कुमार, सिविल जज सीनियर डिविजन विजय जैम्स, सिविल जज जूनियर डिविजन सचिन कुमार, सिविल जज जूनियर डिविजन अभिषेक चौधरी, एडीसी डॉ. मुनीश नागपाल और एएसपी विजय कक्कड़ भी थे। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी ऐलनाबाद के डीएसपी साधुराम थे। राहगीरी कार्यक्रम एसपी हामिद अख्तर के नेतृत्व में सुबह 5.30 बजे से सुबह 8.30 बजे तक हुआ। एसपी हामिद अख्तर कार्यक्रम में शिरकत करने साइकलिंग करते हुए अपने आवास से स्टेडियम तक आए और कार्यक्रम शुरू होने से पहले स्थिति का जायजा लिया। बाद में मुख्य अतिथि के तौर पर सेशन जज आरएन भारती व विशिष्ट अतिथि डीसी प्रभजोत सिंह आए। कार्यक्रम में कई लोग तो परिवार सहित मस्ती की इस पाठशाला में पहुंचे।

राहगीरी कार्यक्रम में मटका दौड़ में भाग लेतीं महिला पुलिसकर्मी।

ये कार्यक्रम भी हुए

सर्व धर्म एकता सोसायटी के बच्चों ने क्यूब कार्यक्रम, लक्ष्य क्लब 20-20 युवा क्लब खैरेकां द्वारा शहीद भगत सिंह पर लघु नाटिका, एमडीके स्कूल के बच्चों ने मार्शल आर्ट, कर्ण लढ़ा ग्रुप की ओर से यातायात के नियमों बारे में और सुरक्षा पर लघु नाटिका मंचित की गई। वहीं गीतकार पवन रहेजा ने संगीत गायन किया तो महिला थाना की ओर से भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। थिएटर के मंझे हुए कलाकार संजीव शाद ने देशभक्ति से ओत प्रोत जिंदगी जिंदाबाद कार्यक्रम प्रस्तुत कर नया संदेश दिया। एसबीओ बैंक के मैनेजर पवन शर्मा ने बच्चों को 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद अपने उच्चतर शिक्षा प्राप्त करने के लिए दी जा रही सुविधाओं बारे जानकारी दी। राजेंद्रा स्कूल पंजुआना के बच्चों ने संगीत कार्यक्रम प्रस्तुत किया। लायंस क्लब द्वारा मेडिकल जांच कैंप, डीएवी स्कूल के बच्चों ने साइकलिंग, योग प्रशिक्षण विरेंद्र नागपाल ने योग प्रेमियों को योग करवा कर उन्हें स्वस्थ रहने की क्रियाओं के बारे में जानकारी दी। मंच संचालन चिमन भारतीय और सर्वजीत कौर ने सिलसिलेवार किया।

पुलिसकर्मियों ने लगाई मटका दौड़

राहगीरी के दौरान खेल स्टेडियम में आयोजित रस्साकशी और मटका दौड़ कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहे। मुख्यअतिथि भारती ने स्टेडियम में खेल रहे वाॅलीबाल, फुटबाल और टेनिस के खिलाड़ियों से परिचय करते हुए उनकी पीठ भी थपथपाई। कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा संगठन के अलावा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं का भी सहयोग रहा।

सिरसा। पुलिस की राहगीरी कार्यक्रम में डीजे पर मस्ती करतीं छात्राएं।

ये खामियां खलती रहीं राहगीरी में

माइक व्यवस्था बार-बार गड़बड़ाई जिससे मंच पर कलाकारों को प्रदर्शन करने में काफी परेशानी हुई

कार्यक्रम शुरू से ही देशभक्ति, कन्या भ्रूण हत्या और नशाखोरी जैसे विषयों को लेकर गंभीरता बनाए रहा जिससे दर्शकों को अखरता भी रहा। लेकिन बीच-बीच में भंगड़ा अौर कुछ नृत्य गायन के अलावा स्टेडियम में डीजे की धुन पर जो नाच गाना हुआ वह दर्शकों को मनभावन लगा।

बरनाला रोड के दोनों तरफ पुलिस की नाकाबंदी किए जाने से राहगीरी कार्यक्रम में कई लोग भागीदारी नहीं कर सके।

गणेश वंदना से हुई कार्यक्रम की शुरुआत

मुख्यअतिथि की ओर से मां सरस्वती के चित्र के आगे दीप प्रज्ज्वलित करने के बाद राहगीरी कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई जिसे नन्ही छात्रा चाहत गोयल ने प्रस्तुत किया। चाहत गोयल ने कन्या भ्रूण हत्या विषय को लेकर भावपूर्ण नृत्य करते हुए संदेश दिया कि ‘कोमल है कमजोर नहीं, शक्ति का नाम ही नारी है।’ बाद में मंच पर आए सिरसा स्कूल के बच्चे जिन्होंने देशभक्ति से ओतप्रोत गीत गायन किया। इसके बाद न्यू सतलुज पब्लिक स्कूल के बच्चों ने भंगड़ा प्रस्तुत किया।

सिरसा। राहगीरी कार्यक्रम के दौरान डीजे की धुन पर थिरकते एसपी हामिद अख्तर व अन्य पुलिस कर्मचारी।

‘नशे की आफत’ नाटक का किया मंचन

कार्यक्रम के दौरान राजेंद्रा फार्मेसी कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक ‘नशे की आफत’ प्रभावी तरीके से मंचित किया। नाटक के बारे में कॉलेज की ओर से एकता कालड़ा ने जानकारी भी दी। नाटक के जरिए बताया गया कि नशा पूरे परिवार को किस कद्र बर्बाद करता है ।

भविष्य में और बेहतर होगा कार्यक्रम

एसपी हामिद अख्तर ने कहा कि राहगीरी कार्यक्रम में भाग लेने से शरीर में नई ऊर्जा का संचार होता है दिनचर्या खुशनुमा बनती है। इसका मुख्य उद्देश्य समाज में समरसता को बढ़ावा देना, जनसाधारण को यातायात के नियमों के प्रति जागरूक करना, भाईचारा को बढ़ावा देना और समाज में व्याप्त बुराइयों को मिटाने का संदेश देना था। भविष्य में ऐसे कार्यक्रम को और भी बेहतर ढंग से आयोजित होगा ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों की भागीदारी हो।

खबरें और भी हैं...