शहर में नशा के खिलाफ अभियान चलाकर इन दिनों सुर्खियां बटोर रहे एसपी हामिद अख्तर के पास रविवार को शहर की स्लम बस्ती जेजे कॉलोनी के कुछ लोग नशा बिकने की शिकायत लेकर पहुंचे।
उन्होंने एसपी को बताया कि कॉलोनी में नशे के कारोबारियों ने बच्चों और युवा की जिंदगी नरक बना दी है। इसलिए कॉलोनी के सभी लोग आप से मिलना चाहते हैं और इस बुराई को कॉलोनी से खत्म करने की मांग करना चाहते हैं। इसलिए आप हम सभी को अपने कार्यालय में मिलने का समय दीजिए। इस पर एसपी हामिद अख्तर ने कॉलोनीवासियों से कहा कि आप तुरंत कॉलोनी जाओ, लोगों को इक्ट्ठा करो। आपको मिलने के लिए आने की जरूरत नहीं है। आधे घंटे में मैं खुद कॉलोनी आ रहा हूं। एसपी के मुंह से यह बात सुनकर कॉलोनी वासी तुरंत वापस गए और गुरु,द्वारा में लोग एकत्रित किए। आधे घंटे बाद एसपी हामिद अख्तर अपने लाव लश्कर के साथ कॉलोनी में लोगों के बीच में जा पहुंचे। एसपी को अपने बीच में पाकर स्लम बस्ती के लोग हैरान थे। यह पहली बार था कि पुलिस का सबसे बड़ा अधिकारी उनकी बस्ती में उनकी फरियाद सुनने के लिए आया हो। इसलिए लोगों में काफी उत्साह था।
नशा मुक्त समाज की शुरूआत आज से और आप से करता हूं
एसपी हामिद अख्तर ने लोगों के दुख को समझा और बोले आज से ही नशा मुक्त समाज की शुरूआत आप से करता हूं। जेजे कॉलोनी से ही इस अभियान की शुरूआत हो गई है ये समझो। उन्होंने कहा पहले इस कॉलोनी को नशा से मुक्त करवाना है। उसके बाद आगे बढ़ना है। एसपी ने कहा कि पुलिस विभाग को आपके सहयोग की आवश्यकता है, क्योंकि किसी भी अभियान की शत प्रतिशत सफलता के लिए जनसहयोग आवश्यक है। आपका सहयोग निश्चित रूप से नशा मुक्त समाज बनाने की दिशा में कारगर साबित होगा। आप लोगों की शक्ति मुझे ताकत देगी। नशा के सौदागरों व उन्हें शह देने वाले पुलिस कर्मियों की सूचना बेझिझक दें, ताकि ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके।
10 साल से लेकर 70 साल का व्यक्ति भी आदी
एसपी हामिद अख्तर को वहां के लोगों ने बताया कि इस कॉलोनी में दुकानों पर भी स्मैक, मेडिकल नशा, अफीम और चूरा पोस्त तक बिकता है। अब तो हेरोइन का भी कारोबार बड़े पैमाने पर हो रहा है। कॉलोनी के युवा इस दलदल में फंसकर इसको रोजगार समझ बैठे हैं। इस वजह से आज हमारे 10 साल के बच्चे से लेकर 70 साल के बुजुर्ग तक को नशे ने गिरफ्त में ले रखा है।