नित नए घोटाले करने को लेकर सुर्खियों में रहने वाले खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों की एक और कारगुजारी सामने आ गई है। विभाग की ओर से संदेहजनक माने गए राशन कार्डों को नया अाधार नंबर देकर बहाल करने के मामले में सस्पेंड किए गए एएफएसओ जगतपाल और नरेंद्र सरदाना के खिलाफ विभाग ने एफआईआर दर्ज करवाने के भी आदेश जारी किए हैं।
बताया जा रहा है कि इस प्रकार के राशन कार्ड पूरे हरियाणा में बनाए गए हैं। इसलिए इस मामले का उजागर करते हुए विभाग ने इसमें संलिप्त सभी अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने की बात कही है। वहीं इस मामले में 27 हजार 500 राशन कार्ड को रद्द भी किया गया है। अधिकतर राशन कार्ड अंत्योदय योजना के तहत बने हुए है। इन पर राशन भी जारी हुआ है।
पहले ही सस्पेंड हो चुके हैं दोनों
यहां बता दें कि पिछले दिनों जब खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निदेशक संजीव वर्मा सिरसा आए तो यह मामला उजागर हुआ था। अब डीएफएसई अशोक बंसल ने बताया कि दोनों को सस्पेंड किया जा चुका है। अब उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज करवाने के आदेश है। शीघ्र ही एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी।