पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • बंद रेलवे फाटक के नीचे से बाइक निकालने पर 15 लोगों के चालान

बंद रेलवे फाटक के नीचे से बाइक निकालने पर 15 लोगों के चालान

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बंद रेलवे फाटक के नीचे से वाहन निकालने वाले लोगों पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने शिकंजा कसते हुए 15 वाहन चालकों को मौके पर काबू कर उनके चालान काटे। वहीं उन्हें नियमों का पालन करने की नसीहत भी दी।

अभियान के तहत पिछले एक सप्ताह में आरपीएफ की टीमों ने ऐसे 150 से ज्यादा दोपहिया वाहन चालकों के चालान किए हैं। जिनमें ज्यादातर ऐसे लोग भी शामिल हैं, जिनका एक बार चालान कटने के बाद भी वह नहीं सुधरे हैं। रेलवे स्टेशन एवं फाटकों पर बढ़ती दुर्घटनाएं रोकने की दिशा में आरपीएफ ने नियमों की अवहेलना कर जान जोखिम में डालकर फाटक क्रॉस करने वालों पर शिकंजा कस दिया है। रेलवे सुरक्षा बल के जवानों की टीम शहर के पुरानी कचहरी रोड फाटक पर मंगलवार सुबह तैनात रही। जहां बंद फाटक से दोपहिया वाहन निकालने वालों के चालान काटकर उन्हें सबक सिखाया। आरपीएफ थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि फाटक बंद होने पर कुछ दोपहिया वाहन चालक फाटक के नीचे से वाहन निकालते हैं, जो रेलवे नियमों की अवहेलना है।

नियमों की अवहेलना पर सजा का भी है प्रावधान

आरपीएफ की टीम में शामिल एएसआई महिपाल सिंह ने लोगों से अपील की कि वह बंद फाटक के नीचे से अपना वाहन गुजारकर रेलवे नियमों का उल्लंघन न करें। वह फाटक खुलने का इंतजार करें। नियमों की अवहेलना करते पकड़े जाने पर 100 रुपये से एक हजार रुपये तक जुर्माना व एक महीने तक की सजा का भी प्रावधान है। विभागीय टीमें लोगों को नियमों की पालना करने की नसीहत देती हैं, लेकिन इसके बावजूद भी नहीं समझने वालों के चालान किए जाते हैं।

खबरें और भी हैं...