तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी करने के दो आरोपी पकड़े
शहर में पुलिस प्रशासन की ओर से अपराधियों के खिलाफ छेड़ी गई मुहिम के तहत शहर थाना पुलिस ने देवी-देवताओं के नाम पर भोले भाले लोगों को फांस कर उनसे पैसे ऐंठने के दो आरोपी तांत्रिकों को गिरफ्तार किया है। इसके लिए किसी ने एसपी हामिद अख्तर को फेसबुक के माध्यम से सूचना दी थी। सूचना मिलने के 15 मिनट बाद ही पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छापा मारकर कार्रवाई करते हुए उनका सामान जब्त किया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। एसपी हामिद अख्तर को किसी ने एक इश्तिहार फेसबुक पर शेयर करके सूचना दी। जिस पर इंगित था कि किसी भी व्यक्ति को यदि व्यापार में घाटा लगे, शादी में कोई परेशानी हो, पति प|ी के बीच किसी प्रकार का विवाद हो तो वे तुरंत उसका हल कर देंगे। इन विवादों के हल के लिए सरदार जगदेव चौक पर जनता भवन रोड पर कार्यालय में संपर्क करने के लिए कहा गया था। इस आधार पर एसपी ने तत्काल ही शहर थाना से एएसआई रघुवीर के अधीन टीम वहां भेजी गई। इस टीम के सदस्यों ने बताए गए स्थान पर संबंधित लोगों से संपर्क किया तो उक्त दो लोग टीम को जगदेव सिंह चौक के समीप ही एक कपड़े की दुकान पर ले गए ।जहां टीम को देवी देवताओं के रूहानी पोस्टर, ताबीज आदि बनाने का सामान मिला। गठित टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए उपरोक्त दोनों व्यक्तियों को काबू कर लिया और वहां पड़ा सामान भी अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने दोनों व्यक्तियों से पूछताछ की तो उन्होंने अपना पहचान नसीम व मोहसीन निवासी मुजफ्फरनगर यूपी बताया। कड़ी पूछताछ में उन्होंने पुलिस टीम को बताया कि वे पिछले सवा माह से सिरसा में हैं और प्रत्येक व्यक्ति से देवी देवताओं के नाम पर छलावा करते हुए प्रत्येक व्यक्ति से 500 रुपये ऐंठ लेते थे। पुलिस प्रशासन ने उक्त दोनों व्यक्तियों के खिलाफ धोखाधड़ी और देवी देवताओं के नाम पर लोगों से ठगी करने से संबद्ध धाराओं के तहत केस दर्जकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की गिरफ्त में देवी-देवताओं के नाम पर लोगों को फांसकर उनसे पैसे ऐंठने के दोनों आरोपी तांत्रिक।