पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • शहर में लगे हैं कचरे के ढेर, सफाई कर्मियों के समर्थन में उतर रही पार्टियां और कर्मचारी संघ

शहर में लगे हैं कचरे के ढेर, सफाई कर्मियों के समर्थन में उतर रही पार्टियां और कर्मचारी संघ

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नगर परिषद के सफाई कर्मचारी बीते एक हफ्ते से काम छोड़ हड़ताल किए हुए हैं। उनके साथ दमकल कर्मचारी भी धरनारत हैं। अचरज की बात यह है कि जिला प्रशासन को एक भी अधिकारी ने अभी तक इस हड़ताल को खत्म कराने के लिए जहमत तक भी नहीं की है और न ही शहर में सफाई कराने की कोई वैकल्पिक व्यवस्था भी की है। नतीजतन, शहर दिन-प्रतिदिन कचराघर बनता जा रहा है। शहर की सरकार और जिला प्रशासन के अधिकारी अभी तक इस ओर आंखें मूंदे हुए हैं। आला अफसर कहते हैं कि वे इस मामले में कुछ भी नहीं कर सकते, सरकार ही निर्णय लेगी।

इस बीच हड़ताली कर्मचारियों का समर्थन करने के लिए मंगलवार को इनेलो-बसपा गठबंधन आगे आया और हड़ताली कर्मचारियों के धरनास्थल को संबोधित करते हुए उनको तन, मन और धन से सहयोग देने का ऐलान किया। सिरसा के विधायक मक्खन लाल सिंगला ने तो नगर पालिका कर्मचारी संघ के हौसले और ज्यादा बुलंद करने के लिए 11 हजार रुपये का अनुदान भी दे डाला। उनके साथ इनेलो के जिलाध्यक्ष पदम जैन, ऐलनाबाद के पूर्व विधायक भागीराम और इनेलो के सह प्रेस प्रवक्ता महावीर शर्मा के अलावा बसपा जिलाध्यक्ष भूषण बरोड़ और इनेलो नेता सीताराम बटनवाला सहित अन्य कार्यकर्ता भी थे। इनेलो भागीराम और पदम जैन ने हड़ताली कर्मचारियों को सिलसिलेवार संबोधित करते हुए भाजपा सरकार को कर्मचारी विरोधी और जनविरोधी सरकार करार देते हुए कड़ी आलोचना की।

पार्षद और एनजीओ भी कर रहे शहर की अनदेखी

हैरत की बात तो यह कि शहर गंदगी के मुहाने पर आ गया है। लेकिन न तो कोई पार्षद और न ही कोई एनजीओ के पदाधिकारी और सदस्य शहर को साफ सुथरा करने के लिए आगे आने की जहमत कर रहे हैं। जबकि इन्हीं में से कई ऐसे भी हैं जो स्वच्छता अभियान के दौरान हाथ में झाड़ू लिए फोटो खिंचवाने में सबसे आगे रहने की होड़ में लगे रहे थे। इसी तरह से अधिकारियों में से भी कोई अधिकारी अब हाथ में झाड़ू लेकर सफाई करने को आमादा नहीं हो रहा है। अब सवाल यह है कि क्या जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहेंगे तभी सफाई करेंगे ?

सिरसा। अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन डीसी को सौंपने लघुसचिवालय पहुंचे हड़ताली सफाई एवं फायरब्रिगेड कर्मचारी।

सर्व कर्मचारी संघ ने सिटीएम को ज्ञापन दिया

हड़ताली कर्मचारी एक जुलूस की शक्ल में सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नगर परिषद कार्यालय से सर्व कर्मचारी संघ के बैनर तले लघु सचिवालय गए। वे डीसी के माध्यम से सीएम के नाम ज्ञापन देना चाहते थे। लेकिन डीसी की बजाय सिटीएम डॉ. वेद प्रकाश बैनीवाल ज्ञापन लेने आए। सर्व कर्मचारी संघ के कर्मचारी नेता सोहन सिंह रंधावा, महेंद्र शर्मा, मदन लाल खोथ, कृपाशंकर त्रिपाठी, रमेश सैनी, करणी सिंह भाटी, अविनाश कंबोज, सुखदेव सिंह, रामराज, त्रिलोकी नागोकी सिटीएम को ज्ञापन सौंपा। साथ में यह शिकायत भी कि नगर परिषद डबवाली के ईओ और कालांवाली नगरपालिका के सचिव सफाई कर्मचारियों से अभद्र बर्ताव करते हुए उनको प्रताड़ित करने का प्रयास कर रहे हैं जो किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगा। इसलिए उन अधिकारियों को निर्देश दीजिए कि वे अपनी औकात में ही रहें। सिटीएम ने आश्वासन दिया कि वे संबंधित अधिकारियों के पास संदेश भेज देंगे।

यह बोले जिले के अाला अफसर

डीसी प्रभजोत सिंह ने कहा कि नगर परिषद के हड़ताली सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बारे में तो सरकार की निर्णय ले सकती है।

एसडीएम राहुल हुड्डा बोले कि जिला प्रशासन इसमें कुछ भी नहीं कर सकता, सरकार ही निर्णय करेगी। हां, पार्षदों और एनजीओ की मदद से शहर में सफाई की वैकल्पिक व्यवस्था की जा सकती है। इसके लिए प्रयास करेंगे।

नगर परिषद के ईओ विरेंद्र सिंह सहारण भी बोले की सरकार और नगरपालिका कर्मचारी संघ के केंद्रीय नेताओं के बीच वार्तालाप चल रही है। पार्षदों की मीटिंग बुलाकर शहर में सफाई व्यवस्था का इंतजाम करेंगे।

सफाई अभियान चलाएंगे

पार्षदों की मीटिंग बुधवार को बुलाएंगे और शहर में सफाई कराने की वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार विमर्श कर कुछेक बाजारों में सफाई अभियान चलाएंगे और दुकानदारों को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे।’’ -शीला सहगल, चेयरपर्सन, नगर परिषद, सिरसा

कोर्ट में है मामला

नगर परिषद के हड़ताली सफाई कर्मचारियों का मामला कोर्ट में विचाराधीन है। फिर भी शहर के साफ-सुथरा बनाए रखने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं से मीटिंग कर वैकल्पिक व्यवस्था करने का प्रयास करेंगे और करना भी चाहिए।’’ -यतिंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष, भाजपा, सिरसा

खबरें और भी हैं...