2.65 करोड़ रुपये से सुधारी जिले के स्कूलों की व्यवस्था
डीसी प्रभजोत सिंह ने बताया कि जिला के विभिन्न स्कूलों की मरम्मत, पेयजल व शौचालयों सहित अन्य सुविधाओं पर 2 करोड़ 65 हजार रुपए की राशि खर्च की गई है ताकि स्कूलों में पढऩे वाले विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सके। उपायुक्त ने बताया कि जिला में 15 स्कूलों का दर्जा 10वीं कक्षा से बढ़ा कर 12वीं किया गया है ताकि विद्यार्थी 10वीं कक्षा के पश्चात 12वीं की शिक्षा अपने गांव में ही प्राप्त कर सके जबकि पहले ऐसे विद्यार्थियों को अपने आसपास के गांवों में उच्च शिक्षा ग्रहण करने के लिए जाना पड़ता था। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने सरकारी शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल व आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के मकसद से शिक्षा के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं जिससे शैक्षणिक स्तर में काफी सुधार हुआ है।
उन्होंने बताया कि स्कूलों में मरम्मत व अन्य कार्यों पर वर्ष 2014-15 में 76 लाख 50 हजार, वर्ष 2016-17 में 75 लाख 14 हजार व वर्ष 2017-18 में 50 लाख 26 हजार रुपये की राशि खर्च कर सुधार किया गया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014-15 के तहत जिला के राजकीय उच्च विद्यालय व राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए शौचालयों का निर्माण करवाया गया। इन शौचालयों के निर्माण पर एक करोड़ 16 लाख 82 हजार 500 रुपये की राशि खर्च हुई है।