पार्षद से लेकर सभी दल कर रहे सियासत सफाई के लिए नहीं उठा रहे कोई जहमत
नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों की बेमियादी काम छोड़ हड़ताल खत्म होने का नाम ही नहीं ले रही है। इस बीच विभिन्न सियासी दलों ने भी इस हड़ताल को लेकर अपनी राजनीतिक रोटियां भी सेंकनी शुरू कर दी है। बुधवार को हड़ताली कर्मचारियों ने विधायकों को अपनी मांगों को पूरा कराने के लिए विधायकों को ज्ञापन सौंपे।
नगरपालिका कर्मचारी संघ के प्रधान चंद्रशेखर के नेतृत्व में हड़ताली कर्मचारियों ने नेता प्रतिपक्ष व ऐलनाबाद से इनेलो विधायक अभय चौटाला के अलावा सिरसा के विधायक मक्खन लाल सिंगला को ज्ञापन सौंपा। उनके साथ इनेलो जिलाध्यक्ष पदम जैन भी थे। इससे एक दिन पहले विधायक मक्खन लाल सिंगला हड़ताली कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करते हुए उनका हौसला अफजाई के लिए उनको 11 हजार रुपये का अनुदान भी दे गए थे। वरिष्ठ कांग्रेस नेता होशियारी लाल शर्मा भी कर्मचारियों की पीठ थपथपाते हुए उनको कांग्रेस की ओर से पूरा समर्थन देने का ऐलान कर चुके हैं।
युवा भाजपा नेता गोकुल सेतिया भी हड़ताली कर्मचारियों के धरनास्थल नगर परिषद कार्यालय के मेन गेट के आगे आए और उनको समर्थन देने का ऐलान करते हुए यहां तक भी कह दिया कि अगर आप पिछले विधानसभा चुनाव में सिरसा से भाजपा प्रत्याशी सुनीता सेतिया को जितवा देते तो आपको इस तरह से हड़ताल और धरना प्रदर्शन करने की नौबत भी नहीं आने देते। इस मौके पर गोकुल सेतिया के साथ नगर परिषद की चेयरपर्सन शीला सहगल के अलावा भाजपा समर्थित पार्षद कौशल्या वर्मा और संगीता सचदेवा भी थीं। इतना ही नहीं थोड़ी देर बाद हड़ताली कर्मचारियों की मांगों का समर्थन देने के लिए हलोपा के प्रदेश उपाध्यक्ष गोबिंद कांडा भी धरनास्थल पर जा पहुंचे। उनके साथ हलोपा नेता कृष्ण सैनी, प्रेम शर्मा, नगर परिषद के वाइस चेयरमैन रणधीर सिंह, कृष्ण लाल गुर्जर, बसपा नेता भूषण बरोड़, नगर पार्षद रीना सेठी, विकास जैन, राजेश गुर्जर, मनोज मकानी, रोहतास वर्मा, पार्षद प्रतिनिधि अमित सोनी के अलावा प्रदीप गुप्ता, अनमोल कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता भी थे।
कर्मचारी और मजदूर संघ ने भी दिया समर्थन
हरियाणा राज्य कर्मचारी संघ व भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने भी नगर पालिका कर्मचारी संघ की चल रही बेमियादी हड़ताल का समर्थन किया है। कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री कृष्ण लाल गुर्जर, सीवरमैन शाखा के प्रधान विनोद कुमार, नीटू सैनी, सिकंदर, भारतीय मजदूर संघ के जिला मंत्री नंदन सिंह टडियाल ने कहा कि शीघ्र ही मुख्यमंत्री से बातचीत कर हड़ताली कर्मचारियों की मांगों को लागू करवाने का काम किया जाएगा।
नगर परिषद के मुख्य सफाई निरीक्षक देवेंद्र बिश्नोई कचरा उठान एजेंसी मैसर्स डिंगमैन पॉवर कंपनी के कारिंदों की मदद से पुरानी सब्जी मंडी मार्केट, सुभाष चौक और कुछ अन्य एरिया में कचरा उठान कराने में दिनभर मशगूल रहे। लेकिन शहर की किसी भी एनजीओ और किसी भी शिक्षण संस्थान की एनएसएसएस विंग के सदस्यों ने शहर में सफाई अभियान चलाने की जहमत ही नहीं की।
सफाई कर्मचारी नेता प्रतिपक्ष इनेलो विधायक अभय चौटाला को ज्ञापन सौंपते हुए।
हड़ताली कर्मचारियों को समर्थन देने पहुंचे हलोपा के वरिष्ठ नेता गोबिंद कांडा।
270 टच कचरा बिखरा
सफाई कर्मचारियों की काम छोड़ो हड़ताल पिछले 9 दिनों से जारी है। रोजाना शहर में डोर-टू-डोर 90 टन कचरा एकत्र होता है। उस कचरे को कचरा कलेक्शन प्वाइंट्स से कचरा उठान करने वाली निजी एजेंसी डिंगमैन पॉवर कंपनी के कारिंदे उठान कर रहे हैं। लेकिन वे बड़ी मुश्किल से रोजाना 60 टन कचरे का ही उठान कर पाते हैं। इस तरह से अब तक एकत्र हुए कुल 810 टन कचरे में से 540 टन कचरे का ही उठान हो सका है। शेष 270 टन कचरा शहर के विभिन्न बाजारों और गलियों में बिखरा हुआ है और वह तब तक एकत्र नहीं हो सकता है जब तक उसकी सफाई नहीं की जाती।