पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • मुख्य आरोपी महेश बंसल के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी, संदिग्ध ठिकानों पर दबिश

मुख्य आरोपी महेश बंसल के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी, संदिग्ध ठिकानों पर दबिश

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
फर्जी फर्म बनाकर करोड़ों रुपयों का कारोबार करने के मामले के मुख्य आरोपी महेश बंसल के खिलाफ कोर्ट की ओर से गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिए गए हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आईजी स्टॉफ की टीम ने उसके संदिग्ध ठिकानों पर दबिश भी दी।

इधर, सेल्स टैक्स विभाग ने भी फर्जी कारोबार करने वाली तीन अन्य फर्मों की सेल और परचेज के अलावा संबंधित बैंकों से लेनदेन की डिटेल भी खंगालनी शुरू कर दी है। आईजी टीम इंचार्ज जंगीर सिंह के नेतृत्व में टीम ने करोड़ों का फर्जी कारोबार कर सिरसा से फुर्र हो चुके मुख्य आरोपी महेश बंसल की अनाज मंडी स्थित दुकान पर जाकर जांच की। उसके कुछ अन्य जानकारों से भी सुराग जुटाने का प्रयास किया। इसके अलावा महेश बंसल के आवास पर पुलिस ने दबिश दी। आईजी स्टॉफ टीम के इंचार्ज जंगीर सिंह का कहना है कि आरोपी के सभी मोबाइल नंबर स्विच ऑफ हैं और खुफिया सूचना के मुताबिक महेश बंसल सिरसा जिला से फरार हो चुका है। उसके सभी संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। कुछ मुखबिरों से पता लगा है कि वह गोवा या सिंगापुर चला गया है।

साथी आरोपी रविंद्र काे पुलिस रिमांड पर लिया

पुलिस ने मंगलवार देर शाम फर्जी फर्मों के मामले में नामजद महेश बंसल के प्रमुख सहयोगी रविंद्र को गिरफ्तार किया था। पुलिस द्वारा दर्ज की गई तीन एफआईआर में रविंद्र दो मामलों में आरोपी है। फिलहाल आईजी संजय सिंह के निर्देशानुसार पांच लोगों पर फर्जी फर्म बनाकर फर्जी कारोबार करने का केस दर्ज किया गया है। इसमें दो एफआईआर विकास और गुलशन की शिकायत पर और तीसरी पुलिस द्वारा स्वयं संज्ञान लेते हुए दर्ज की गई। तीनों ही मामलों में महेश बंसल को मुख्य आरोपी बनाया गया। इसके अलावा इन एफआईआर में फर्जी फर्मों के गिरोह में शामिल रमेश कुमार, प्रमोद बंसल, सुनील कुमार और पवन को भी नामजद किया गया है। मामला दर्ज होने से सभी आरोपी भूमिगत हैं। लेकिन इस बीच पुलिस ने सटीक जानकारी जुटाकर मुख्य आरोपी महेश बंसल के एक अन्य सहयोगी रविंद्र को धर दबोचा। आरोपी रविंद्र को बुधवार को कोर्ट में पेश किया तो उसे पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया।

सेल्स टैक्स विभाग ने भी फर्जी कारोबार करने वाली तीन फर्मों की सेल-परचेज की डिटेल संबंधित बैंकों से की तलब

विभाग के अधिकारी खंगाल रहे इन तीन फर्मों के करोड़ों रुपये के कारोबार की असलियत

सेल्स टैक्स विभाग तीन अन्य फर्मों की ओर से करोड़ों रुपये के किए फर्जी कारोबार की असलियत जानने के लिए उनकी सेल-परचेज की डिटेल के अलावा संबंधित बैंकों की डिटेल भी खंगालने लगा है। विभाग के ईटीओ जगदीप सिंह गुलिया सारे मामले की गहन जांच में जुटे हैं। ईटीओ जगदीप ने बताया कि तीन फर्मों के कारोबार फर्जी होने की आशंका को लेकर आईजी टीम ने राडार पर लिया हुआ है। उन फर्मों की डिटेल सेल्स टैक्स विभाग खंगाल रहा है। फर्म मैससे विकास कॉटन मिल है जो डिंग मंडी में जीएसटी के तहत 16 अक्टूबर 2017 को ऑनलाइन रजिस्टर्ड हुई। संचालक विकास बताया गया है। इस फर्म का बैंक खाता इक्वीटीएस बैंक में है। दूसरी फर्म मैसर्स गणेश ट्रेडर्स है जो सिरसा की अनाज मंडी एरिया में रजिस्टर्ड दर्शायी गई है। संचालक पवन बताया गया है। तीसरी फर्म मैसर्स भगवती ट्रेडर्स है जो नई दिल्ली से ऑनलाइन रजिस्टर्ड है जिसका संचालक गुलशन दर्शाया गया है। इसका बैंक खाता कोटक महेंद्रा बैंक कंगनपुर रोड सिरसा में है।

सेल-परचेज की दी डिटेल का किया जाएगा मिलान

उक्त तीनों फर्मों का काराेबार फिलहाल संदिग्ध है क्योंकि उसकी कितनी सेल और कितनी परचेज हुई है की डिटेल अभी तक मिली नहीं है। यह डिटेल तभी मिलेगी जब इन फर्मों की ओर से जीएसटीआर 2 फाइल की जाएगी क्योंकि उसमें जो डिटेल सेल-परचेज की दी जाएगी उसका मिलान किया जाएगा। लेकिन इसमें एक पेंच यह भी अड़ा हुआ है कि अभी तक जीएसटीआर 2 फाइल करने के लिए सॉफ्टवेयर ही ऑनलाइन अपलोड नहीं हो सका है।\\\'\\\' जगदीप सिंह गुलिया, ईटीओ, सिरसा

खबरें और भी हैं...