मांगों को लेकर पुस्तकालय संगठन ने सौंपा विधायक सिंगला को ज्ञापन
सिरसा | पुस्तकालय संगठन के पदाधिकारियों ने बुधवार को सिरसा के विधायक मक्खनलाल सिंगला को अपनी मांगों के समर्थन में ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में संगठन की ओर से कहा गया कि प्रदेशभर के सभी सरकारी स्कूलों में पुस्तकालयों की हालत काफी दयनीय है और चंद स्कूलों में ही पुस्तकालयध्यक्ष नियुक्त हैं। पुस्तकालयध्यक्षों की नियुक्ति न होने के चलते ही स्कूलों में महंगी पुस्तकों की स्थिति काफी दयनीय हो चुकी है और उनकी सुध नहीं ली जा रही। ज्ञापन में कहा कि प्रदेशभर में पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान में कंप्यूटर, विषयों सहित उपाधि प्राप्त डिप्लोमाधारक करीब 20 हजार युवा बेरोजगार हैं। संगठन ने सरकार से मांग की है कि वह उपरोक्त बेरोजगार युवाओं को उनकी योग्यता के मुताबिक स्कूलों में पुस्तकालयध्यक्ष आदि के पदों पर नियुक्ति दे ताकि बेरोजगारों को रोजगार की प्राप्ति हो और स्कूलों में पुस्तकालयों की स्थिति में सुधार आए। विधायक मक्खनलाल सिंगला ने संगठन पदाधिकारियों को उनकी मांगों को सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। विधायक को ज्ञापन सौंपने वालों में संगठन के जिलाध्यक्ष गगन हांडा, रोहताश कुमार, अमरजीत चौटाला, रमेश कुमार, विरेंद्र व जसपाल मौजूद थे।