पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Chhattisgarh
  • Bilaspur
  • छत्तीसगढ़ में हमारी सरकार बनते ही फूड प्रोसेसिंग यूनिट हर जिले में लगाएंगे, किसानों को मिलेगा लाभ

छत्तीसगढ़ में हमारी सरकार बनते ही फूड प्रोसेसिंग यूनिट हर जिले में लगाएंगे, किसानों को मिलेगा लाभ

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को सीतापुर में किसान और आदिवासी सम्मेलन में मोदी पर जमकर हमला बोला और कहा मोदी ने देश को धोखा दिया है। दो करोड़ बेरोजगारों को न रोजगार मिला और न ही लोगों के खाते में पंद्रह लाख मिले। सभा की शुरुआत ही उन्होंने इस मुद्दे से की और लोगों से पूछा कि पंद्रह लाख रूपए तो छोड़िए, किसी के खाते में दस रूपए भी आए क्या? भीड़ से आवाज आई नहीं।

राहुल ने कहा कि किसान, गरीब, बेरोजगार सब परेशान हैं। उन्होंने सभा में बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि 2019 में जिस दिन कांगेस की सरकार बनेगी आप लोग दिन गिनते रहिएगा, दस दिन के भीतर किसानों का कर्ज माफ कर दिया जाएगा। उन्होंने किसानों का कर्ज माफ नहीं किए जाने के लिए कहा कि भाजपा कहती है कि उसके एजेंडे में नहीं है। कर्ज माफ करने से किसानों की आदत बिगड़ जाएगी। सभा में राहुल ने मोदी के साथ रमन सिंह पर भी हमला बोला और कहा कि मोदी और रमन दोनों मिलकर किसान, आदिवासियों को लूट रहे हैं। मोदी ने रमन सिंह को आदिवासियों की लूटने की खुली छूट दे रखी है। देश के पंद्रह उद्योगपतियों को ढाई लाख करोड़ रूपए माफ कर दिया गया लेकिन किसानों का कर्ज ये सरकार माफ नहीं करना चाहती।

सीतापुर में किसान व आदिवासी सम्मेलन में राहुल गांधी ने मोदी और रमन पर जमकर बोला हमला, कहा- किसानों की कर्ज माफी भाजपा के एजेंडे में नहीं, मोदी और रमन सरकार किसानों व आदिवासियों को लूट रहे हैं, पूछा- किसी के खाते में दस रुपए भी अाए क्या? आवाज आई नहीं...

शैला व करमा नृत्य पर झूमे

मांदल की थाप पर नृत्य करते राहुल गांधी। मंच पर कांग्रेस नेताओं ने किया स्वागत।

छत्तीसगढ़ और केंद्र में अगली सरकार कांग्रेस की

राहुल ने सभा में कहा कि मोदी गरीब और आदिवासियों को लूट रहे हैं। लोगों पर आक्रमण हो रहा है। उन्होंने लोगों से कहा कि आप लोग परेशान मत हों, आप के हक और न्याय के लिए कांग्रेस लड़ाई लड़ रही है। छत्तीसगढ़ और केंद्र में अगली सरकार कांग्रेस की बनने जा रही है। राहुल की यह सभा नवंबर में होने वाले चुनाव के हिसाब से तय की गई थी। संभाग की 11 सीटों से हजारों लोग राहुल को देखने सुनने पहंुचे थे। राहुल ने मंच पर से हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया।

कार्यक्रम स्थल का कोई भी कोना खाली नहीं था: सीतापुर में सभा के लिए सुबह से ही भीड़ जुटने लगी थी। राहुल के पहंुचने से पहले ही पूरा ग्राउंड भीड़ से खचाखच भर गया था। राहुल का हेलीकाप्टर जैसे ही सीतापुर में मंडराया भीड़ खड़ी हो गई। हेलीपेड से उतरे के बाद राहुल गांधी सार्किट हाउस गए और वहां से लंच के बाद सभा के लिए पहंुचे। राहुल ने मंच से लोगों का अभिवादन किया और कहा कि आप बैठ जाएं पर भीड़ मंच के चारों ओर लगे बैरिकेड्स के पास पहंुच गई और स्थिति ऐसी बनी कि एसपी सदानंद कुमार और एडिशनल एसपी को खुद भीड़ कंट्रोल करना पड़ा।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष को देखने खचाखच रही भीड़

जमीन पर बैठे विधायक कहा- हमें कुर्सी देने वालों का कर रहे सम्मान

कांग्रेस विधायक बृहस्पति सिंह, डाॅ. प्रीतम राम, चिंतामणी महराज, पारस राजवाड़े, पूर्व मंत्री डाॅ. प्रेमसाय सिंह मंच छोड़ लोगों के बीच बैठ गए। विधायकों ने कहा अपना कार्यक्रम है और हम उन लोगों के सम्मान में कुर्सी पर नहीं बैठ रहे हैं जिन्होंने हमें कुर्सी तक पहंुचाया है।

एक घंटे सभा में राहुल ने लोगों से सवाल जवाब भी किए

राहुल पौने एक बजे सीतापुर पहंुचने वाले थे पर रायपुर के कार्यक्रम के कारण यहां एक घंटे लेट से पहंुचे। सवा दो बजे राहुल मंच पर पहंुचे और एक घंटे तक सभा में रहे। सभा में भीड़ देख राहुल खुश दिखे वहीं कांग्रेसियों में भी उत्साह देखा गया। सीतापुर ऐसी सीट है जहां से कांग्रेस आजादी के बाद से कभी नहीं हारी है। भीड़ देख पीसीसी चीफ भूपेश बघेल और नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव ने कहा कि यहां जुटी भीड़ देखकर पता चलता है कि सरकार के खिलाफ किस तरह से लोगों में गुस्सा है।

राहुल ने सभा में इन मुद्दों पर बोला मोदी पर हमला

मोदी शासन में दलितों, आदिवासियों को मारा पीटा जा रहा, दबाया जा रहा है।

किसानों के लिए जो योजनाएं चलाई जा रही इस सरकार में उसका लाभ नही मिल रहा। जेटली कहते हैं कि भाजपा में कर्ज माफी का प्रावधान नहीं।

मैंने मोदी को कहा किसानों का कर्जा माफ कर दीजिए पर मोदी ने कुछ नहीं कहा। किसानों की शक्ति को मोदी नहीं पहचान रहे।

जमीन अधिग्रहण को लेकर हमने जो बिल लाया है उसमें किसान की सहमति के बगैर जमीन नही ली जा सकती पर भाजपा लोक सभा और राज्य सभा में इसे पास नहीं करा सकी तो पीछे के दरवाजे से उद्योगों के लिए आदिवासियों की जमीन छीन रही है।

हिंदुस्तान की जनता न्याय मांगने सुप्रीम कोर्ट जाती है पर कोर्ट की स्थिति ऐसी है कि चार जज हाथ जोड़कर जनता व प्रेस से न्याय मांग रहे रहे हैं। इस मामले में प्रधामंत्री चुप हैं क्यों?

छत्तीसगढ़ में आउटसोर्सिंग का फायदा सिर्फ आरएसएस को मिल रहा है। राज्य को मुख्यमंत्री लूट रहे हैं। दिल्ली में नीरव मोदी, ललित मोदी लूट रहे हैं।

नेताप्रतिपक्ष टीएस सिहदेव ने कहा कि सरगुजा संभाग के किसान परेशान हैं। राज्य का जितना बजट है उसे खर्च नहीं कर पाती सरकार। आजादी के बाद से भाजपा सीतापुर में एक बार भी जीत नही पाई।

खबरें और भी हैं...