तूफान से किसानों को नुकसान, एसडीएम ने लिया फसलों का जायजा
भास्कर संवाददाता|सीतापुर
रविवार को तेज आंधी तूफान के साथ इलाके में घंटे भर तक हुई तेज बारिश से लोगों को राहत तो मिली पर किसानों की चिंता बढ़ गई है। क्षेत्र के ग्राम रायकेरा, भूसू, महेशपुर, ढेलसरा, प्रतापगढ़, रजपुरी, सहनपुर में सब्जी की खेती चौपट हाे गई है। इस बीच सोमवार को एसडीएम पुष्पेंद्र शर्मा ने इलाके में हुए नुकसान का जायजा लिया। तूफान व बारिश की वजह से ब्लाक मुख्यालय सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्र में बिजली कटौती की समस्या से लोग हलाकान है। लगभग एक माह से बिजली की अघोषित कटौती की समस्या से लोग जूझ रहे हैं। हल्की भी हवा चलती है तो विभाग द्वारा घंटों बिजली सप्लाई बंद कर दी जाती है। अघोषित कटाैती की वजह से पेयजल सप्लाई में भी दिक्कत आ रही है। नगर पंचायत की सप्लाई टंकिया नहीं भर पा रही हैं इसके चलते पेयजल व्यवस्था भी चरमरा गई है।