नगर पालिका पार्षद चुनाव के बाद अब नपा प्रधान की कुर्सी को लेकर दावेदारी शुरू हो चुकी है। नपा प्रधान की एससी आरक्षित सीट होने के कारण चार दावेदार हैं। जो अपनी-अपनी दावेदारी पेश करने में लगे हैं। रविवार को वार्ड-3 से पार्षद शकुंतला के प्रतिनिधि मनीराम कुल 7 पार्षदों के साथ समाजसेवी अमित लोहिया के कार्यालय में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जेपी दलाल से मिले। मनीराम ने प्रधानपद की दावेदारी पेश की।
गौरतलब है कि इस बार नपा प्रधान की कुर्सी एससी वर्ग के लिए आरक्षित है। सिवानी नपा चुनावों में 4 पार्षद इसके लिए योग्य हैं। जिनमें से एक पार्षद कांग्रेस खेमे का होने के कारण प्रधानी के लिए दूरी बनाए है। तीन पार्षदों में से नपा प्रधान पद के लिए सबसे पीछे रही वार्ड-3 की पार्षद शकुंतला इस रेस में आगे निकलती जा रही हैं। सिवानी नपा में कुल 13 पार्षद है। नपा प्रधान पद के चुनाव जीतने के लिए 7 पार्षदों की आवश्यकता है। रविवार को अमित लोहिया के कार्यालय में 6 पार्षदों सहित पहुंचे वार्ड-3 के प्रतिनिधि मनीराम ने भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष के सामने प्रधानी के लिए बहुमत का दावा किया। मनीराम का कहना है कि एक दो पार्षद और भी उनके साथ हैं जो किसी काम से आज आ नहीं सके। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष जेपी दलाल ने कहा कि नपा प्रधान वही बनेगा जो भाजपा का होगा। गैर-भाजपा को प्रधान नहीं बनाया जाएगा। जिस पर सभी पार्षदों ने सहमति भी दे दी। दलाल ने कहा कि जल्द ही नपा प्रधान का चुनाव होगा जिसमें सभी मिलकर प्रधान चुन लें। इस दौरान पार्षद प्रतिनिधि मुकेश दलाल, सुनील जाजूदा, मोहन लाल, विपिन, पार्षद प्रतिनिधि मनीराम, कमल पंवार, रमेश कोठारी मौजूद रहे।
पार्षदों को दी जीत की बधाई
सिवानी मंडी| लोहारू विधानसभा से दो बार चुनाव हार चुके भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रविवार को पार्षदों से मिलने पहुंचे। दलाल ने मजाकिया अंदाज में पार्षदों से कहा कि आप तो जीत गए इस बार मेरा भी कंपार्टमेंट तूड़वा देना। जिस पर पार्षदों ने हंसते हुए जीताने का वादा किया। जानकारी के अनुसार नपा प्रधान की कुर्सी की दावेदारी पेश करने 7 पार्षद अमित लोहिया के कार्यालय पहुंचे। यहीं पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जेपी दलाल ने शिरकत की। पार्षदों की जीत पर दलाल ने बधाई देते हुए कहा कि शहर के विकास में किसी भी प्रकार की कमी न रहे। पार्षदों ने कहा कि वे आपकी जीत के लिए पूरा दमखम लगा देंगे। इस दौरान मार्केट कमेटी चेयरमैन अनिल झाझडिय़ा, रोहताश श्योराण, राजेंद्र कोठारी, संजीव दलाल आदि मौजूद रहे।