पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • शहर में कूड़े का अंबार, बढ़ी महामारी की आशंका

शहर में कूड़े का अंबार, बढ़ी महामारी की आशंका

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नगर निगम के कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल से शहर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। निगम के सफाईकर्मी बीते 9 मई से हड़ताल पर हैं। तभी से शहर के खत्तों से कूड़ा नहीं उठ रहा है। एक-एक खत्ते पर दस टन से अधिक कूड़ा पड़ा हुआ है। इस तरह से पूरे शहर में लगभग एक हजार टन कूड़ा फैला हुआ है, जिसके चलते महामारी की आशंका बनी हुई है। अब तो इसका असर जनजीवन पर भी पड़ने लगा है। दूसरी तरफ, सरकार से सकारात्मक संकेत नहीं मिलने से क्षुब्ध कर्मियों ने सोमवार को केंद्रीय मंत्री व स्थानीय सांसद राव इंद्रजीत का पुतला फूंककर सरकार और स्थानीय प्रतिनिधि के खिलाफ रोष व्यक्त किया।

घरों से नहीं उठ रहा कूड़ा, सड़क किनारे फेंक रहे लोग

नगर निगम की व्यवस्था अनुसार सड़कों या खत्तों पर कूड़ा आना ही नहीं चाहिए। शहर में प्रत्येक घर से कूड़ा कलेक्शन करने की जिम्मेवारी ईको ग्रीन को सौंपी गई है। सवाल उठ रहा है कि कर्मियों की हड़ताल की इस स्थिति में भी यदि घरों से नियमित कूड़ा उठ रहा है तो फिर सड़कों पर कूड़ा कहां से आ रहा है। दरअसल, डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन नहीं होने के चलते लोग मजबूरी में सड़कों के किनारे जहां-तहां कूड़ा फैंक रहे हैं। गंभीर बात यह भी है कि आजकल बंधवाड़ी प्लांट में पहुंच रहे कूड़े की मात्रा भी अपेक्षाकृत बढ़ गई है। हड़ताल से पहले प्रतिदिन जहां औसतन 850 टन कूड़ा पहुंच रहा था, आजकल प्रतिदिन 900 से 1000 टन कूड़े का बिल बनाया जा रहा है, जिसके एवज में नगर निगम को प्रतिदिन 9 लाख रुपए से 10 लाख रुपए का भुगतान किया जाएगा।

शहर का हो रहा बुरा हाल

बीते 13 दिनों से कूड़ा नहीं उठने से शहर का बुरा हाल हो रहा है। शहर का कोई भी क्षेत्र या सड़क ऐसी नहीं है, जहां पर कूड़ा नहीं फैला हुआ है। पुराने शहर में निगम कार्यालय के पीछे घंटेश्वर मंदिर के पास स्थित खत्ता पर लगभग 50 टन कूड़ा जमा हो गया है। अब तो कूड़ा सड़कों पर फैल रहा है, जिसके चलते आम लोगों को चलने में परेशानी हो रही है। इससे आगे गुरुद्वारा के सामने वाली सब्जी मंडी की मुख्य सड़क भी कूड़े के ढेर से बंद हो गई है। उधर, न्यू रेलवे रोड पर शीतला हॉस्पिटल के पास, भीम नगर फायर स्टेशन के पास, भीम खेड़ी, झाड़सा रोड आदि क्षेत्रों में बने खत्तों पर भी 10 से 20 टन कूड़ा पड़ा हुआ है। नए शहरी क्षेत्र में भी यही हाल है। वजीराबाद मदर डेरी के सामने, कन्हैया कॉम्पलेक्स के सामने, सेक्टर-52, सेक्टर-57 आदि क्षेत्रों में 10 से 20 टन कूड़ा पड़ा हुआ है।

अधिकारी पुलिस से मांग रहे सहयोग

एक तरफ हड़ताली जहां स्वयं काम नहीं कर रहे हैं, वहीं निजी एजेंसियों को भी कूड़ा उठाने नहीं दे रहे हैं। कर्मियों ने सोमवार को सेक्टर-17 में कूड़ा उठाने का विरोध किया, जिसके चलते ट्रैक्टर लेकर पहुंचे सफाई एजेंसियों के कर्मी भाग गए। विरोध की स्थिति को देखते हुए खत्तों से कूड़ा उठाने के दौरान पुलिस बल तैनात करने का फैसला लिया गया है। इसके लिए चारों जोनों के ज्वाइंट कमिश्नर ने पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर पुलिस बल की मांग की है।

प्रतिदिन 900 से 1000 टन कूड़े का बिल बनाया जा रहा

गुड़गांव. सफाई कर्मियों की हड़ताल के कारण बाजार के सामने लगा गंदगी का अंबार।

सोहना चौक पर केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह का पुतला फूंककर सफाई कर्मियों ने जताया विरोध

सोमवार को हड़ताल का 13वां दिन था। सरकार की तरफ से सकारात्मक संकेत नहीं मिलने और जनप्रतिनिधि द्वारा मामले में हस्तक्षेप नहीं किए जाने से गुस्साए कर्मियों ने सुबह 9 बजे रैली निकाली। भारी संख्या में कर्मी पुराने नगर निगम कार्यालय से जैकबपुरा स्थित नगर निगम के मेयर मधु आजाद के घर के आगे पहुंचे और वहां पर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद सभी दिन के लगभग साढ़े 10 बजे सोहना चौक पहुंचे। यहां पर कर्मियों ने केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत का पुतला फूंका। इसके बाद सभी प्रदर्शन करते हुए वापस नगर निगम कार्यालय में पहुंच गए और वहां पर धरना पर बैठ गए।

गुड़गांव. सोहना चौक पर राव इंद्रजीत का पुतला फूंकते सफाई कर्मचारी।

गुड़गांव. अपनी मांगों को लेकर निगम कार्यालय पर प्रदर्शन करते सफाई कर्मचारी ।

इनेलो बसपा नेताओं ने किया हड़तालियों का समर्थन

नूंह
|अपनी मांगों को लेकर पिछले 13 दिनों से नगर पालिका कार्यालय परिसर नूंह में हड़ताल पर बैठे सफाई व दमकल कर्मियों को इनेलो बसपा गठबंधन के नेताओं ने भी सहयोग देने की घोषणा की। इनेलो विधायक चौधरी जाकिर हुसैन सोमवार को धरना स्थल पर पहुंचे ओर हड़ताली कर्मचारियों के सुर में सुर मिलाते हुए रविवार को कर्मचारियों की गिरफ्तारी को गलत बताया। सोमवार को बसपा के तीन कार्यकर्ता 24 घंटे की भूख हड़ताल पर भी बैठे। नेताओं और कर्मचारियों ने भाजपा सरकार के रवैये की निंदा की।

खबरें और भी हैं...