जिले में मनरेगा कार्मिकों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी
भास्कर न्यूज | सोजत
महात्मा गांधी नरेगा संविदा कार्मिक संघ के प्रदेशव्यापी आह्वान के तहत वर्ष 2013 में पंचायती राज विभाग द्वारा कनिष्ठ लिपिक व एसएसआर भर्ती प्रकिया में समस्त पदों पर नियुक्तियां नहीं देने के कारण एक मई से शुरू हुई हड़ताल जारी रही। इससे पंचायत समिति में मनरेगा के कार्यों को लेकर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिलाध्यक्ष मोहम्मद असलम ने बताया कि 2013 कनिष्ठ लिपिक भर्ती परीक्षा में कई अभ्यर्थी का चयन नहीं हो सका था। इससे कई जने स्थाई रोजगार से वंचित रह गए हैं। सभी कार्मिकों के नियमितिकरण को लेकर 16 अप्रैल को सांकेतिक रूप में अवकाश रखकर कलेक्टर को ज्ञापन दिया गया था, लेकिन 1 मई की पंचायतीराज मंत्री से वार्ता विफल रहने के बाद प्रदेशव्यापी आह्वान के तहत मनरेगा कार्मिक सामूहिक रूप से राज्य सरकार की समस्त योजना का बहिष्कार कर अनिश्चितकाल के लिए हड़ताल पर चल रहे हैं। अगर सरकार सकारात्मक रूप के साथ उन्हें स्थाई करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाती तो हड़ताल अनिश्चितकाल के लिए जारी रहेगी।