समीपवर्ती ग्राम पंचायत चंडावल स्टेशन के अटल सेवा केंद्र में शुक्रवार को न्याय आपके द्वार शिविर आयोजित हुआ। सोजत पंचायत समिति क्षेत्र के चंडावल स्टेशन ग्राम पंचायत में आयोजित शिविर में राजस्व मंडल के चेयरमैन वी.श्रीनिवास, राजस्व बोर्ड सदस्य आरके जायसवाल व कलेक्टर सुधीर कुमार शर्मा भी पहुंचे। उन्होंने शिविर में उपस्थित सभी विभागों के काउंटर्स पर कार्मिकों से विभागीय प्रगति की जानकारी ली। राजस्व मंडल के चेयरमैन वी.श्रीनिवास ने शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ गांवों तक पहुंचने लगा है। ये सब मोबाइल व इंटरनेट क्रांति से बदलाव के कारण हुआ है। राजस्व लोक अदालत का मूल लक्ष्य किसानों के राजस्व वादों का मौके पर ही निस्तारण कर लाभांवित करना है। राजस्व चेयरमैन वी.श्रीनिवास के हाथों शिविर में 6 लोगों को खातेदारी पासबुक व 1 दीनदयाल उपाध्याय योजना में एक आवासीय पट्टा व 17 महिलाओं को उज्जवला योजनाओं में नि:शुल्क गैस कनेक्शन दिए गए। इस मौके कलेक्टर सुधीर कुमार शर्मा ने क्षेत्र में बिजली, पानी सप्लाई के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। इस मौके सोजत विधायक संजना आगरी ने संबोधित करते हुए कहा कि राज्य व केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ ग्रामीणों को लेना चाहिए। इस अभियान में राजस्व विभाग के अतिरिक्त आम जनता से जुड़े 14 अन्य विभागों के कार्य होने से जनता को सीधा लाभ मिलता है। शिविर में विधायक संजना आगरी ने प्रधानमंत्री उज्जवला योजना में 50 महिलाओं के नाम एलपीजी गैस कनेक्शन वितरित किए गए।
राजस्व मंडल के चेयरमैन वी.श्रीनिवास व कलेक्टर सुधीर कुमार शर्मा ने किया अवलोकन
शिविर में दिए 50 गैस कनेक्शन
शिविर में उज्जवला योजना में 50 गैस कनेक्शन, कृषि विभाग द्वारा किसानों को बीज वितरित, 7 सीमांकन, 28 नकलें, 63 तरमीम, 5 दावे 88, शुद्धिकरण 4, खाद्य सुरक्षा में जोड़ने फार्म, नए गैस कनेक्शन 25 फार्म, बिजली घरेलू 2 कनेक्शन सहित सभी समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
60 प्रतिशत परिवारों को नहीं मिली शौचालय अनुदान राशि, सरकारी कागजों में ओडीएफ घोषित करने का आरोप
शिविर में गुड़ा बच्छराज के आरटीआई कार्यकर्ता राजूराम देवासी ने शिविर प्रभारी को बताया कि ग्राम पंचायत के कागजों में गलत तरीके से ओडीएफ घोषित किया गया है। जबकि चंडावल स्टेशन के 60 प्रतिशत परिवारों को आज तक शौचालय निर्माण का अनुदान नहीं मिला है। ग्रामीणों ने कर्जा लेकर शौचालय निर्माण करवाया गया है। राजूराम देवासी ने बचे हुए परिवारों को अनुदान राशि देने की मांग की है। शिविर में पशुपालन कल्याण बोर्ड चेयरमैन गोवर्धन राईका, एसडीएम मुकेश चौधरी,तहसीलदार रोहितकुमार शर्मा,बीडीओ सुखराम विश्नोई, सरपंच नरपतसिंह जैतावत, रसद प्रवर्तक निरीक्षक कृष्णाकंवर भाटी पाली, राजेंद्र लहर, ग्राम विकास अधिकारी तकदीरसिंह चारण आदि उपस्थित थे।