शिविर के पहले दिन 217 दिव्यांगों को दिए नि:शुल्क उपकरण
निमाज| कस्बे के बस स्टैंड स्थित सेठ मेघराज ठोलिया स्कूल में भगवान महावीर विकलांग समिति जयपुर व जैन परमार्थ सेवा ट्रस्ट निमाज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय नि:शुल्क दिव्यांग उपकरण शिविर के पहले दिन 217 दिव्यांगों को नि:शुल्क उपकरण वितरित किए गए। शिविर का शुभारंभ पूर्व सरपंच भगवतीसिंह उदावत व समाजसेवी तेजराज भंडारी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। अजमेर समिति के संयुक्त सचिव सुरेश मेहरा ने बताया कि जयपुर समिति के संस्थापक डी आर मेहता के आदेशानुसार जैतारण व सोजत विधानसभा क्षेत्र के दिव्यांगों को चिन्हित कर पहले दिन 36 ट्राइसाइकिल, 15 व्हील चेयर, 16 कैलिपर्स, 11 कृत्रिम हाथ, 23 जयपुर फुट, 72 कान की मशीन व 41 बुजुर्ग छड़ी दी गई। इस अवसर पर पारसमल ठौलिया, शांतिलाल भंडारी, जितेंद्र जैन, नेमीचंद जैन, मुकेश जैन, गौरव जैन, संपतसिह गहलोत, घनश्याम गौड़ आदि मौजूद थे।
बैठक में सामूहिक विवाह कमेटी के सदस्यों का किया सम्मान
निमाज| कस्बे के जैतारण रोड स्थित श्री कूबाजी महाराज मंदिर में बुधवार को पिछले दिनों संपन्न हुए मंदिर स्थापना रजत जयंती महोत्सव व कुमावत समाज सामूहिक विवाह सम्मेलन के लेखे जोखे को लेकर बैठक हुई। बैठक में भामाशाहों का सम्मान किया गया। वहीं समाजबंधुओं के सामने रजत जयंती व सामूहिक विवाह का लेखा जोखा प्रस्तुत किया गया। कुमावत समाज द्वारा विवाह कमेटी के सदस्यों का सम्मान किया गया। साथ ही आगामी दिनों में प्रतिभा सम्मान समारोह कराने का निर्णय लिया गया। इस दौरान बुधाराम, अमराराम गोडावड, शिवराम एकलिया, माणकचंद कुमावत, मंगलाराम, शंकरलाल, भंवरलाल कुमावत आदि मौजूद थे।