कालंदा नाडा होगा गहरा, ग्रामीणों को पेयजल समस्या से मिलेगी राहत
खारिया नींव में जल स्वावलंबन अभियान में होने वाले कार्यों का निरीक्षण, नागरिकों ने एडीएम को ज्ञापन द्वारा अस्पताल की बदहाली बताई
भास्कर न्यूज | सोजत
कलेक्टर सुधीर कुमार शर्मा ने बुधवार को एसडीएम कार्यालय में अधिकारियों की बैठक लेकर योजनाओं के प्रोग्रेस की समीक्षा की। इसके बाद में कलेक्टर सीधे मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान का जायजा लेने के लिए खारिया नींव पहुंचे। उन्होंने अभियान के तहत होने वाले कार्यों का निरीक्षण किया। हालांकि कलेक्टर के आने की सूचना समय पर नहीं होने के कारण लोग अपनी समस्याओं को लेकर ज्यादा संख्या में नहीं आ सके। वहीं कुछ लोगों ने एडीएम को ज्ञापन सौंप कर सोजत की समस्याओं से अवगत कराया। कलेक्टर ने एसडीएम कार्यालय में अधिकारियों की बैठक ली। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी मुकेश चौधरी, तहसीलदार रोहित चौहान, नगर पालिका ईआे सुरेश चौहान, विकास अधिकारी सुखराम विश्नोई आदि मौजूद थे।
कलेक्टर शर्मा पहुंचे सोजत, अधिकारियों की ली बैठक
खारिया नींव में जल स्वावलंबन कार्यों का निरीक्षण किया
इसके बाद कलेक्टर खारिया नींव पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान के तीसरे चरण में चल रहे विभिन्न कार्यों का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने कालंदा नाडा का निरीक्षण किया। उन्होंने इसको और गहरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने मनरेगा में एक जलाशय निर्माण को प्रारंभ करवाने की स्वीकृति दी। साथ ही एक टांका निर्माण के लिए पहले उद्यानिकी विभाग द्वारा पर्याप्त मात्रा में पौधरोपण करने के निर्देश प्रदान किए। इस दौरान ग्राम विकास अधिकारी पूनाराम सीरवी व सरपंच कन्हैयालाल ओझा सहित पंचायत के वार्डपंच व ग्रामीण उपस्थित थे।
एडीएम विश्नोई से कहा-दो साल से बंद है सोनोग्राफी की सुविधा, सी.टी स्कैन भी धूल फांक रही है
कलेक्टर के जाने के बाद कुछ लोग एसडीएम कार्यालय पहुंचे। इस दौरान एडीएम भागीरथ विश्नोई वहीं रुके हुए थे। जिनको कांग्रेस सेवादल के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष रतनप्रकाश ईचरशा की अगुवाई में ज्ञापन सौंपकर सोजत राजकीय अस्पताल की बदहाली को बताते हुए कहा कि इतने बड़े अस्पताल में पिछले दो साल से सोनोग्राफी की सुविधा नहीं है। करोड़ों रुपए के लागत की सी.टी स्कैन मशीन रेडियोलॉजिस्ट डॉक्टर के अभाव में कोई काम की नहीं है। वहीं चिकित्सकों के अभाव में पिछले कई दिनो से आईसीयू वार्ड के ताला लगा दिया गया है तो सोनोग्राफी भी बाहर से करवानी पड़ रही है। इस पर विश्नोई ने आश्वासन दिया कि जल्दी ही सोजत में सोनोग्राफी की सुविधा शुरू करने के लिए पूरे प्रयास किए जाएंगे।