चार दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर निकली कलश यात्रा
भटमुरना स्थित आकाश किनारी कोलियरी आॅफिस परिसर में आयोजित चार दिवसीय बजरंग बली प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर बुधवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा मंदिर परिसर से निकलकर भटमुरना मोड़ होते हुए आकाश किनारी काली मंदिर तक गई। जहां प्रसिद्ध कुआं से जलभरण कार्य किया गया। आचार्य श्रीश्री 1008 श्रीमद जगदगुरु धरणी भट्टाचार्य महाराज के शिष्य आचार्य विनोद पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ जलभरण कार्य संपन्न कराया। यात्रा में 51 महिलाओं व कुंवारी कन्याएं माथे पर कलश लिए चल रही थीं। यात्रा में बज रहे बैंड बाजा के धुन में श्रद्धालु थिरक रहे थे। इस दौरान जय श्रीराम व जय हनुमान के नारा से भटमुरना का इलाका गूंजता रहा। उसी मार्ग से यात्रा पुन: मंदिर प्रांगण पहुंची। इसके साथ ही मंडप प्रवेश, पंचांग पूजन, वेदी पूजन, जलाधिवास, अन्नाधिवास किया गया। इसके पश्चात प्राण प्रतिष्ठा को ले पूजा-अर्चना किया गया। गुरुवार को पूजन, हवन, फलाधिवास, पुष्पाधिवास, शैयाधिवास, हल्दी, जैनव, न्यास, वेदी पूजन, शुक्रवार को नगर भ्रमण पूजनादि तथा मूर्ति का प्राण-प्रतिष्ठा हवन आरती किया जाएगा। इसके साथ ही 24 घंटे का अखंड रामायण परायण पाठ का शुभारंभ होगा। उसके दूसरे दिन शनिवार को समापन बेला में पूजन पाठ आरती के साथ प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। मौके पर रणधीर ठाकुर, तरुण राठौर, संजय सिंह, यूके सिंह, परेस दसौंधी, संजय राम, राजकुमार गुप्ता, चंदन बसंत ओझा, मनोज मंडल आदि थे।