हरियाणा पुस्तकालय एसोसिएशन ने राजकीय स्कूलों में पुस्तकालय अध्यक्षों को नियुक्त करने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि बीते काफी समय से लाइब्रेरी प्रोफेशन में भर्ती नहीं की जा रही है, इसकी वजह से पुस्तकालय के क्षेत्र में भविष्य बनाने वाले युवा रोजगार की बाट जोह रहे है, उन्होंने मुख्यमंत्री से पुस्तकालय क्षेत्र में शीघ्र ही भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की। इस संबंध में एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जैन को ज्ञापन सौंपा।
हरियाणा पुस्तकालय संगठन के अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र शौकीन, डॉ. मंजीत, डॉ. नरेंद्र चिमनी, डॉ. रूपेण गौड, सुनील नैन, राजेश सिहाग की पहल पर सभी बेरोजगार लाइब्रेरी प्रोफेशनल ने मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जैन को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से एसोसिएशन के सदस्यों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि राजकीय शिक्षण संस्थानों में विशेषकर स्कूलों में पुस्तकालय अध्यक्ष के पदों पर पुस्तकालय अध्यक्ष नियुक्त किए जाए। स्कूल शिक्षा की पहली सीढ़ी होती है। पुस्तकालय एक ऐसा माध्यम होता है जिसके द्वारा बच्चों में पढ़ने की आदत उत्पन्न होती है। उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री पर विश्वास जताते हुए कहा कि वह इस मुद्दों गंभीरता से लेंगे और जल्द ही उनकी मांगों को पूरा करेंगे।