सोनीपत . सीवरेज लाइन का उद्घाटन करती मंत्री कविता जैन।
भास्कर न्यूज| सोनीपत
शहरी स्थानीय निकाय, महिला एवं बाल विकास मंत्री कविता जैन ने कहा कि शहर में पेयजल और सीवरेज की समस्या नहीं रहने दी जाएगी। इसके लिए प्रत्येक कालोनी में सीवरेज लाईन के काम चल रहे हैं। शहर के बाहरी क्षेत्रों में जहां पर भी छोटी सीवरेज लाइनें हैं उन्हें बदलने का काम भी चल रहा है। मंत्री सोमवार को शहर की बावा कालोनी, मोहन नगर, शादीपुर, लहराड़ा में 3.25 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली सीवरेज लाइन का उद्घाटन करने के उपरांत संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि जब चार साल पहले भाजपा की सरकार सत्ता में आई थी तो उस समय शहर के हालात खराब थे और यहां सीवरेज और पेयजल की सबसे बड़ी समस्या यहां पर थी। इसके बाद नए सिरे से निर्माण कार्य शुरू किए गए। शुरुआत में सभी काॅलोनियों में पेयजल पहुंचाया गया। अब शहर में पेयजल का संकट लगभग खत्म हो गया है और रैनीवेल द्वारा पेयजल की सप्लाई शहर के विभिन्न हिस्सों में की जा रही है। इस अवसर पर उनके साथ भाजपा मंडल अध्यक्ष नवीन मंगला, ब्रह्मपाल सैनी, रामनिवास रोहणा, राकेश शर्मा, राजेश दलाल, राजबाला गोयल सहित सैकड़ों गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
शहर में शादीपुर में एक करोड़ रुपये की लागत से 8.50 किलोमीटर लंबी, बावा कालोनी में 50 लाख रुपये की लागत से पांच किलोमीटर लंबी, मोहन नगर में 65 लाख रुपए की लागत से 06 किलोमीटर लंबी, लहराडा में 90 लाख रुपए की लागत से सात किलोमीटर लंबी सीवरेज लाईन बिछाने का शुभारंभ किया जा रहा है। इन कालोनियों की वर्षों पुरानी समस्या जल्द ही समाप्त हो जाएगी। इसके साथ ही अब अमृत योजना के तहत करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाएं चल रही हैं।