जटवाड़ा, सोनीपत-गोहाना-जींद रेलवे अंडर ब्रिज से होकर पुलिस लाइन के पीछे से गोहाना रोड बाईपास तक जाने वाली कंडम सड़क की आखिर सुध ली गई है। सड़क का दोबारा से निर्माण कार्य होगा, इस पर काम तेजी से शुरू हो गया है। यह सड़क बनने से करीब आठ काॅलोनियों के छह हजार लोगों, जटवाड़ा क्षेत्र के लोगों को लाभ होगा। यहीं नहीं यदि गोहाना रोड पर किसी कारण वश जाम लगता है तो यह मार्ग सब्जी मंडी, बस स्टैंड, जीटी रोड पर जाने का विकल्प मार्ग के तौर पर भी इस्तेमाल किया जा सकेगा।
दो साल से था कंडम
यह मार्ग करीब करीब दो साल से कंडम था। जिसके चलते हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मार्ग टूटने का कारण अंडर ब्रिज के निर्माण में भारी वाहनों का आना व सीवर पाइप लाइन दबाते हुए भी काफी रोड टूटा था। इसके बाद से इस मार्ग की सुध नहीं ली गई थी। भास्कर ने इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। ऐसे में अब मार्ग बनाना शुरू हुआ है तो लोगों ने राहत की सांस ली है।
सोनीपत . सड़क बनने से करीब आठ काॅलोनियों के छह हजार लोगों को होगा फायदा।
शहर पार करने का यह शार्ट कट रास्ता है, इस पर जाम नहीं लगता
शहर वासी अनिल, प्रदीप, सुमीत, भूपसिंह ने बताया कि सड़क बनने का लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था। करीब दो साल तक यह सड़क बन बनने से वह परेशानी का सामना करना करते रहे। अब सड़क बननी शुरू हुई तो राहत मिलेगी। शहर पार करने का यह शार्ट कट रास्ता है। इस पर जाम भी नहीं रहता। दुपहिया व फोर व्हीलर यहां से आसानी से आ जा सकते हैं। अब फाटक भी खत्म कर दी है तो और राहत मिलेगी। पर प्रशासन से उनकी मांग है कि इस पर भारी वाहनों का आवागमन वर्जित हो। ताकि सड़क न टूटे। भारी वाहन जैसे ट्रक, डंपर आदि।
64 लाख रुपए होंगे खर्च
इस सड़क के निर्माण का काम सोनीपत-गोहाना-जींद रेलवे अंडर ब्रिज के पास से शुरू हो गया है। इसके निर्माण पर करीब 64 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। सड़क इस बार तारकोल की नहीं बल्कि इंटरलॉकिंग टायल की बनाई जा रही है। बताया जा रहा है कि मानसून का सीजन शुरू होने से पहले यह मार्ग बना दिया जाएगा। ताकि बारिश के सीजन में शहर के अंदर जलभराव हो तो कुछ वाहन यहां से बस स्टैंड, सब्जी मंडी व जीटी रोड तक जा सकें।
इन काॅलोनियों को लाभ
शहर की शास्त्री काॅलोनी, इंडियन काॅलोनी, मयूर विहार, छोटूराम काॅलोनी, मलिक काॅलोनी, ईदगाह काॅलोनी, प्रगति नगर , जटवाड़ा को इस मार्ग से लाभ होगा। जटवाड़ा के किसानों की काफी जमीन सोनीपत-जींद-गोहाना रेल लाइन के साथ है। ऐसे में अब किसान अपने खेत तक आसानी से आ जा सकेंगे। इसके साथ इस मार्ग पर एक वृद्धाश्रम, एक धार्मिक स्थल है। जहां हर दिन सैकड़ों लोग आते हैं।