- Hindi News
- National
- व्यापारी ने अपने खर्च पर कूड़ा उठाना शुरू किया तो सफाई कर्मियों ने किया विरोध
व्यापारी ने अपने खर्च पर कूड़ा उठाना शुरू किया तो सफाई कर्मियों ने किया विरोध
सात दिन से चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से बिगड़े हालात को देखते हुए नाराज व्यापारी खुद सफाई करने बाजारों में निकले। उन्होंने अपने खर्च पर ट्रैक्टर-ट्राॅली मंगवाई और बाजाराें से कूड़ा उठाना शुरू कर दिया। दोपहर को सफाई कर्मचारी यहां भी पहुंच गए और उन्होंने सफाई का विरोध करते हुए ट्रैक्टर की हवा तक निकालने का प्रयास किया। झगड़े से बचते हुए व्यापारियों ने बीच में ही सफाई बंद की और बिगड़े हालात पर सरकार और प्रशासन को कोसा।
सोनीपत व्यापारी एसोसिएशन ने मंगलवार को सोनीपत के बाजारों में ट्रैक्टर ट्राॅली भेजकर सभी दुकानदारों के सहयोग से कूड़ा एकत्रित कर ट्राॅली में डाल कर सफाई अभियान की शुरुआत की। सुबह गुरुद्वारा रोड से ट्राॅली निकाली गई जिसमें सभी दुकानदारों ने अपनी दुकान पर एकत्रित कूड़ा व सड़क पर फैला कूड़ा एकत्रित कर ट्राॅली में डाला। ट्राॅली गीता भवन होते हुए झंडी रोड से कच्चे क्वार्टर मार्केट में पहुंची वहां के प्रधान जवाहर चांदना व उपप्रधान नरेश छाबड़ा ने सभी दुकानदारों को साथ लेकर बाजार मे फैला कूड़ा एकत्रित करवाकर ट्राॅली में डाला। ट्राॅली कच्चे क्वार्टर के बीचो-बीच पहुंची तो वहां पर काफी संख्या में सफाई कर्मचारी पहुंच गए। विरोध कर नारेबाजी शुरू कर दी जिसपर दुकानदारों व सफाई कर्मचारियों के बीच टकराव की स्थिति बन गई। मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। इस बीच किसी शरारती तत्व ने ट्रैक्टर ट्राॅली के पहियों की हवा निकाल दी। बाद में सफाई बंद करवा दी गई।
सफाई का विरोध करते हुए ट्रैक्टर की हवा तक निकालने का किया प्रयास झगड़े से बचते व्यापारियों ने सफाई बीच में छोड़ सरकार व प्रशासन को कोसा
सफाई कर्मियों को विभिन्न विभागों का समर्थन
6 दिन से लड़ाई लड़ रहे सफाई कर्मियों को 7वें दिन विभिन्न विभागों के कर्मचारियों का समर्थन हासिल हुआ। इसमें कर्मचारी यूनियन से जुड़े रोडवेज, हुडा, सिंचाई, पीडब्ल्यूडी, पटवारी, वन विभाग के कर्मचारी आदि शामिल है। सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान राममेहर शर्मा ने कहा कि सरकार को चाहिए कि वे कर्मचारियों को आपस में लड़वाने के बजाए उनकी समस्याओं का समाधान करें। कर्मियों की मांगे नहीं मानी तो 16 को कैबिनेट मंत्री कविता जैन व 17 मई को सांसद रमेश कौशिक के आवास का घेराव किया जाएगा।
विद्यार्थी बोले-स्कूल को तो छोड़ देते : सफाई कर्मियों की हड़ताल से यूं तो पूरा शहर दुखी है, लेकिन इस तकलीफ से राजकीय प्राथमिक विद्यालय, मंडी के विद्यार्थी बेहद दुखी है, विद्यार्थियों ने बताया कि पहले तो लोगों ने बिना सोचे समझे कचरा गेट पर डाल दिया तथा फिर जब उनके उठान की बारी आई तो वह भी होने नहीं दिया गया। विद्यार्थियों ने अपील की है कि कम से कम विद्या के मंदिर को तो गंदा मत होने दीजिए।
गेट फांदकर सचिवालय में किया प्रदर्शन
मंगलवार को कर्मचारियों को देख लघु सचिवालय परिसर का मुख्य द्वार बंद कर दिया। इससे नाराज कर्मचारी वहीं नहीं रुके बल्कि गेट पर लटककर एवं उन्हें फांद कर अंदर कूद गए, बाद में मजबूरी में गेट को खोलना पड़ा, जिसके बाद फिर हुजूम के रूप में अंदर दाखिल हुए और फिर जोरदार नारेबाजी के बीच अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। यहां मौजूद सैकड़ों पुलिस कर्मी सिर्फ तमाशबीन बने रहे।
बाजारों में गंदगी
सोनीपत व्यापारी एसोसिएशन के संयोजक विमल किशोर ने कहा कि सरकार और प्रशासन बेबस नजर आ रहा है। बाजारों में कूड़े की बदबू से खरीदारी कम हो रही है। स्वच्छता अभियान के नाम फर फोटो खिंचवाने वाले लोग अब सामने नहीं आ रहे हैं। व्यापारी योगेश मल्होत्रा, सतीश कुमार, राजेश, विजय कुमार, झंडी रोड प्रधान प्रमोद व दवेन्द्र, कच्चे क्वाटर मार्केट प्रधान जवाहर चांदना, सुनील डावरा व दुर्गा मंदिर कच्चे क्वार्टर प्रधान रमेश कुमार व कच्चे क्वार्टर सेंटर मार्केट प्रधान बिट्टू शर्मा मनोज आर्या व सारंग रोड मार्केट प्रधान दिनेश कुमार आदि ने सफाई अभियान में भागीदारी दी।