निगम विरोधी समिति पहुंची मंत्री आवास पर
सोनीपत | नगर निगम विरोधी समिति का निगम से 26 गांवों को बाहर निकालने की मांग को लेकर धरना 34वें दिन भी जारी है। समिति सदस्यों ने अपनी मांग को लेकर जुलूस निकाल कैबिनेट मंत्री कविता जैन के आवास पर पहुंचे। इस दौरान समिति प्रमुख महेन्द्र सिंह कटारिया ने कहा कि जब तक सरकार की ओर से निगम से 26 गांवों को बाहर नहीं किया जाता धरना जारी रखा जाएगा। 34वें दिन क्रमिक भूख हड़ताल पर सूबे सिंह राठधना व रणधीर सिंह मुकीमपुर बैठे। धरना स्थल पर समर्थन के लिए पहुंचे भाकियू के रविन्द्र, जयपाल रेवली, हवा सिंह, कुलदीप आंतिल, खुशीराम वाल्मीकि, कृष्ण राणा, नरेन्द्र कोच, हरिप्रकाश, अत्तर सिंह, संजय, बिजेंद्र प्रधान, नफे सिंह आदि उपस्थित थे।