गोवा की सुंदरता को देख विद्यार्थियों ने जाना इतिहास
सोनीपत | हिंदुस्तान स्काउट एंड गाइड का राष्ट्रीय स्तर कैंप गोवा में लगाया गया। इसमें जिले से 17 स्काउट छात्रों ने भाग लिया। कैंप में विद्यार्थियों को गोवा की प्राकृतिक सुंदरता के साथ इतिहास से अवगत कराया गया। इसी के साथ उन्होंने कई तरह के एडवेंचर में भी हिस्सा लिया। मनोरंजन के साथ ही विद्यार्थियों को कई ऐतिहासिक व धार्मिक इमारतों के साथ ही गोवा पुरातत्व संग्रहालय भी घुमाया गया। कैंप में बच्चों के साथ असिस्टेंट ब्लॉक रिसोर्स ऑफिसर व आइटी सेल की डीओसी मोनिका दहिया, गाइड कैप्टन सुशीला देवी और स्काउट मास्टर सुशील कुमार रहे। मोनिका दहिया ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर के इस कैंप में बच्चों को काफी कुछ सीखने को मिला। उन्होंने स्काउट के कर्तव्यों व जिम्मेदारी के साथ ही कई अन्य पहलुओं के बारे में भी विस्तार से जाना। कैंप में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र दिया गया। कैंप से लौटे विद्यार्थियों का विद्यालय स्तर पर स्वागत किया गया।