- Hindi News
- National
- सोनीपत जंक्शन पर जीआरपी थाने से 100 मीटर दूर युवक का तेजधार हथियार से कत्ल
सोनीपत जंक्शन पर जीआरपी थाने से 100 मीटर दूर युवक का तेजधार हथियार से कत्ल
सोनीपत जंक्शन के नए टिकट घर को जाने वाले रास्ते पर देर रात अज्ञात हमलावरों ने जीआरपी थाने से करीब 100 मीटर दूर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। यहां रात भर पुलिस गश्त का दावा करती है। युवक की ठोडी व सिर में गहरे चोट के निशान मिले हैं। गला दबाने की भी अाशंका है। एफएसएल टीम सुबह मौके पर पहुंची। जांच के बाद एफएसएल ने अंदेशा जताया कि किसी तेजधार हथियार से गोदकर युवक की हत्या की गई है। रात भर युवक का शव स्टेशन के पास टिकट घर को जाने वाले रास्ते पर ही पड़ा रहा और काफी खून बह गया। मौके पर एकत्रित भीड़ में चर्चा रही यदि समय पर युवक को देखा गया होता तो उपचार मिलने से जान भी बच सकती थी। जीआरपी ने सुबह शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवाया। जीआरपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा कि युवक की हत्या गोली मारकर की गई या फिर तेजधार हथियार से। फिलहाल युवक की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने पर ही आरोपियों तक पहुंचा जाएगा।
शाम को करीब साढ़े चार बजे जीआरपी जेल गई : हत्या की इस घटना के बाद जीआरपी दिन भर जांच में जुटी रही। जीआरपी एसएचओ ताराचंद अपनी टीम के साथ शाम करीब साढ़े चार बजे जेल में गए। उन्होंने बताया कि किसी ने सूचना दी है कि मृतक बिजेंद्र है और भी कई जानकारी दी है। इस संदर्भ में अब शिनाख्त के लिए जेल में रिकाॅर्ड खंगाला है। हालांकि उन्होंने आगे कुछ भी बताने से मना कर दिया।
आखिर कहां से आया युवक... जिस युवक का मोबाइल नंबर मिला उसे पुलिस ने शव की शिनाख्त के लिए बुलाया, युवक ने पहचानने से किया इनकार
सोनीपत . रेलवे जंक्शन के पास मर्डर के बाद युवक के शव को देखती पुलिस।
जेब से एक हजार का पुराना नोट भी हुआ बरामद
एसएफएल टीम ने जब मृतक युवक की जांचा की तो जेब से एक हजार का पुराना नोट मिला। इसके साथ एक पर्ची पर एक मोबाइल फोन नंबर भी मिला। जीआरपी ने जब इस फोन नंबर पर कॉल की तो यह फोन भिगान में परिवार के साथ रह रहे यूपी के एक युवक का निकला। जीआरपी ने युवक व उसके परिजनों को तुरंत घटनास्थल पर शिनाख्त के लिए बुलाया। युवक अपने माता-पिता सहित मौके पर पहुंचा। युवक ने जीआरपी को बताया कि वह मृतक को नहीं जानता। जीआरपी ने जब दबाव दिया तो युवक ने बताया कि समालखा के एक रेहड़ी चालक को उसने यह नंबर दिया था। अब यह नंबर उसकी जेब में कैसे आया उसे नहीं पता। युवक ने बताया कि समालखा में सोनू नाम का युवक रेहड़ी लगता है वहीं मृतक को जानता है। इसके बाद जीआरपी की एक टीम ने इस पहलू पर भी जांच की।
हाथ पर त्रिशूल का निशान, जींस पहने था
मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। युवक ने जींस की पेंट व नीली चेकदार कमीज पहन रखी हे। जबकि पैरों में स्पोटर्स शूज पहने हुए हैं। हाथ पर काले रंग का त्रिशूल का निशान है। जीआरपी सूत्रों ने बताया कि हत्या की इस घटना को लेकर हर पहलू की जांच की जा रही है। कुछ अहम सबूत हाथ लगे हैं, जल्दी ही हत्या की इस वारदात को खुलासा होने की उम्मीद है। जीआरपी देर शाम हनुमान नगर व ऋषि कालोनी में भी गई।
इधर, गन्नौर में नहर के पास तेवड़ी गांव के सुनील का मिला अधजला शव
गन्नौर | शेखपुरा मोड पर नहर के पास एक युवक की संदिग्ध हालात में अधजली डेडबॉडी मिली है। सूचना मिलने के बाद डीएसपी आर्यन चौधरी, एसएचओ देवेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ पहुंचे। घटनास्थल पर पूछताछ करने पर शव की शिनाख्त तेवड़ी गांव के सुनील के रूप में हुई। शव के पास बाइक खड़ी होने के साथ माचिस व एक बीयर की खाली पड़ी बोतल से पैट्रोल की बू आ रही थी। प्रथम दृष्टया डॉक्टरों ने मौत का कारण दम घुटने से बताया है। गहनता से जांच के लिए विसरा मधुबन लैब भेजा गया है। बुधवार सुबह राहगीरों ने पुलिस को सूचित किया कि शेखपुरा मोड पर नहर के नजदीक एक अधजला शव पड़ा हुआ है। शव के पास बाइक व बियर की खाली बोतल पड़ी है। गन्नौर थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव की शिनाख्त करने का प्रयास किया। लेकिन चेहरा जला होने के चलते उसकी काफी देर बाद पहचान तेवडी गांव के निवासी सुनील (28) के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक मृतक सुनील तीन भाईयों में सबसे बड़ा है। । वह बड़ी इंडस्ट्री एरिया में एक फैक्ट्री में चालक की नौकरी करता था। पिछले करीब 2-3 से घर भी नहीं जा रहा था। मृतक सुनील की करीब दो माह पहले ही शादी हुई थी। वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। जांच कर्मी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि सुनील के चाचा कर्मबीर के बयान पर 174 की कार्रवाई की है।