पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • यूपी के खेड़ा हटाना गांव के किसानों ने बड़ौली की जमीन पर कब्जा करने का किया प्रयास

यूपी के खेड़ा हटाना गांव के किसानों ने बड़ौली की जमीन पर कब्जा करने का किया प्रयास

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
राई. बागपत प्रशासन को शिकायत देकर लौटे हरियाणा के बड़ौली गांव के किसान।

हरियाणा के किसानों ने यूपी प्रशासन से की शिकायत

भास्कर न्यूज | राई

यूपी के किसानों ने बड़ौली गांव की 40 एकड़ जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया है। इस दौरान फायर करने के भी आरोप हैं। हरियाणा के बड़ौली गांव के किसानों ने यूपी के खेड़ा हटाना गांव के किसानों के खिलाफ बागपत थाना पुलिस व प्रशासन को लिखित शिकायत दी है। यूपी के किसानों की तरफ से गोलियां चलाने से हरियाणा के किसानों में भय का माहौल है। बुधवार को किसानों ने इस मसले पर बड़ौली गांव में मीटिंग भी की।

हरियाणा के बड़ौली गांव के किसान बलबीर सिंह, धर्मबीर, कबूल, इंद्र सिंह, राजबीर ने बताया कि दीक्षित अवार्ड के तहत बड़ौली की जमीन खेड़ा हटाना की तरफ चली गई थी। इस जमीन पर दोनों प्रदेशों के प्रशासन ने बड़ौली गांव के किसानों को कब्जा दिला दिया था। जमीन का मालिकाना हक भी बड़ौली के किसानों के नाम पर है। उन्होंने हवाई फायर कर ट्रैक्टर हैरो से उनकी 40 एकड़ से अधिक जमीन की जुताई कर दी है। उन्होंने बागपत पुलिस, एसडीएम बागपत व डीएम बागपत को शिकायत देकर खेड़ी हटाना के किसानों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

यूपी के किसान दे रहे हैं जान से मारने की धमकी

बड़ौली निवासी सुरेश ने कहा कि यूपी के किसान उन्हें धमकी दे रहे है। वे सरेआम धमकी दे रहे हैं जिससे किसान डरे व सहमें हुए हैं। रकबा यूपी की तरफ है तो इस वजह से उन्होंने बागपत पुलिस को इसकी सूचना दी। यूपी प्रशासन भी अपने किसानों की मदद कर रहा है।

मनौली-पावसरा के बाद अब बड़ौली की जमीन पर है निगाह

यूपी के किसानों की मनौली-पावसरा के बाद अब बड़ौली की जमीन पर निगाह है। मनौली की जमीन पर जहां काठा के किसानों ने कब्जे का प्रयास किया था, वहीं बड़ौली की जमीन पर खेड़ा हटाना किसान कब्जे का प्रयास कर रहे हैं।

रकबा यूपी की तरफ है और जमीन बड़ौली के किसानों की है। इसलिए बड़ौली के किसानों ने बागपत प्रशासन को शिकायत की है। जहां तक हरियाणा प्रशासन की बात है तो हम अपने किसानों के साथ खड़े हैं।’-हितेंद्र शर्मा, तहसीलदार सोनीपत।

खबरें और भी हैं...