सोनीपत | नगर निगम के एसडीओ व अन्य कर्मचारियों को शहर के लाल दरवाजा में कई लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। एसडीओ का आरोप है कि बिना किसी वजह के युवकों ने हाथापाई शुरू की और फिर मारपीट करने लगे। आरोपियों के तेवर देखकर उन्होंने भागकर पीछा छुड़ाया। एसडीओ ने अब मामले की शिकायत सिटी थाना पुलिस को दी है। आरडी गोयल, निगम अभियंता ने बताया कि वह प्रमोद कुमार कनिष्ठ अभियन्ता व मनीष कुमार सुपरवाइजर नगर निगम के साथ लाल दरवाजा स्थित रविदास भवन में लाइब्रेरी बनाने हेतु पैमाइश करने व रविदास धर्मशाला की मरम्मत के लिए मौका देखने गए थे। इस दौरान उसी क्षेत्र में चल रहे अन्य गलियों के निर्माण हेतु बनाए जाने वाले एस्टीमेट के लिए पैमाइश व मौका निरीक्षण के लिए भी गए थे। इस दौरान कुछ युवकों ने उस पर हमला कर दिया।