पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • संत आत्माराम बाबा मेला आज से, 70 गांव के लोग आते हैं

संत आत्माराम बाबा मेला आज से, 70 गांव के लोग आते हैं

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
संत आत्माराम बाबा मेला आज से, 70 गांव के लोग आते हैं

सतवास | नगर का प्राचीन आत्माराम बाबा मेला चैत्र सुदी पूर्णिमा पर संतश्री आत्माराम बाबा समाधि स्थल पर ध्वज निशान चढ़ने के साथ प्रांरभ हो गया। मेले की शुरुआत गुरुवार से होगी। आसपास के करीब 70 ग्रामों के लोगों के लिए यह मेला खरीदी-बिक्री व मनोरंजन का प्रमुख केन्द्र होता है। ग्रीष्मावकाश व लग्नसरा के कारण मेले में चहल-पहल रहती है। नगर परिषद की अध्यक्ष छोटी बी व सीएमओ विकास डाबर ने बताया 3 मई तक चलने वाले इस मेले में दुकानदारों के लिए बिजली, पानी व सफाई की व्यवस्था की गई है। कैलाश वर्मा को मेला प्रभारी तथा विजय जोशी को सहायक मेला प्रभारी नियुक्त किया है। मेले में ग्रामीणों के मनोरंजन के लिए निशुल्क सांस्कृतिक कार्यक्रम तेजाजी कथा, आर्केस्ट्रा, कवि सम्मेलन व कव्वाली होगी। मनोरंजन के लिए तरह-तरह के झूले, मीना बाजार, मौत का कुआं, सर्कस आदि लगाए जाएंगे।

हनुमानजी व राधाकृष्ण का किया स्नपन कर्म, भजन संध्या अाज

सोनकच्छ | बजरंग चौराहे पर माहेश्वरी समाज के नवनिर्मित मंदिर में भगवान राधा कृष्णजी एवं हनुमानजी की मूर्ति स्थापना का पांच दिवसीय महोत्सव जारी है। तीसरे दिन बुधवार को यज्ञाचार्य पं. श्री रामाधार द्विवेदी (मुकुंदमुनि) वाग्चेतना पीठम् बागली के मार्गदर्शन, पं. कनिष्क द्विवेदी के आचार्यत्व व पं. नरेन्द्र पांडे के पांडित्य में हनुमानजी व राधाकृष्ण भगवान का शय्याधिवास कराया गया। स्नपन कर्म में भगवान का विभिन्न औषधियों, फलों के रस, भस्म, पंचगव्य, पंचामृत, समुद्र का फैन आदि से भगवान का अभिषेक किया गया। मूर्ति का न्यास कराकर भगवान को फलों के साथ घी शक्कर, पुष्प, आदि सामग्रियों सहित शय्याधिवास करवाया गया। मुख्य यजमान कैलाशचंद दरक, प्रहलाददास छापरवाल, सीताराम दरक, सुरेशचंद मू्ंदड़ा ने सप|ीक मंडल पूजा, हवन यज्ञ व भगवान का शय्याधिवास करवाया। 19 अप्रैल रात्रि आठ बजे गायक द्वारका मंत्री की भजन संध्या होगी।

सीसीबी देवगढ़ शाखा के कर्मचारियों के व्यवहार से लोग खफा

देवगढ़ | जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की देवगढ़ शाखा में किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बेची गई उपज का भुगतान सीधे खाताें में जमा हुआ है जिसका नकदीकरण के लिए यहां कतारें लग रही हैं। यहां आसपास के 40 गांवों के किसानों के खाते हैं और बैंक में भारी भीड़ उमड़ रही है। बैंक कर्मचारियों द्वारा लोगों को इंट्री करने में दिक्कत बताई जाती है। इसी बैंक में निराश्रितों व पेंशनधारकों के भी खाते हैं। उन्हें भी घंटों बाहर इंतजार करना पड़ता है, तब राशि मिल पा रही है। पासबुक पर भी इंट्री नहीं हो रही है। गांव के पुष्पेंद्रसिंह राणा, शेरसिंह यादव, मना पिपलिया के बलवानसिंह सैंधव, राजेंद्रसिंह सैंधव, बजेसिंह सैंधव, रूपसिंह सैंधव के अलावा बड़ियामांडू, टप्पा, नानूखेड़ा, खोकरिया, हाथीगुराड़िया, बड़िया, रसगुल्ला, गुराडिया आदि गांव के किसानों एवं बैंक के ग्राहकों के संबंध में शिकायत की है।

हर ग्राम पंचायत स्तर पर 20 को मनाएंगे ‘उज्ज्वला दिवस’

देवास | जिले में ग्राम स्वराज अभियान अंतर्गत 5 मई 2018 तक सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम स्वराज अभियान चलेगा। निर्धन ग्रामीण परिवारों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। इसके तहत 20 अप्रैल को प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर उज्ज्वला दिवस मनाया जाएगा। पात्र हितग्राहियों से केवायसी फॉर्म भरवाए जाएंगे। कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का लाभ गरीब परिवार की महिलाओं को दिया जाएगा। ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत चिन्हित 404 ग्रामों को धुआं रहित बनाने के लिए समस्त पात्र निवासियों को गैस कनेक्शन दिए जाएंगे। 20 अप्रैल को प्रत्येक ग्राम पंचायत स्‍तर पर ‘उज्ज्वला दिवस’ मनाया जाएगा। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजनांतर्गत पात्रता रखने वाले परिवार की महिला मुखिया को गैस कनेक्शन जारी करने के लिए केवायसी फाॅर्म भरवाए जाएंगे। किसी भी एलपीजी रिसाव समस्या हेतु अपने एलपीजी वितरक से या हेल्प लाइन नंबर 1906 पर संपर्क करें। सभी एलपीजी संबंधी शिकायतों को लिए आइल कंपनी के टोल फ्री नंबर पर 18002333555 पर कॉल करें।



शासकीय वाहन चालक यांत्रिकी कर्मचारी संघ की बैठक हुई

देवास | शासकीय वाहन चालक यांत्रिकी कर्मचारी संघ की महासमिति की प्रदेश स्तरीय बैठक ब्यावरा में हुई। देवास के जिलाध्यक्ष अशोक सोनी ने बताया मुख्य अतिथि राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त रमेशचंद्र शर्मा थे। बैठक में प्रदेश के अन्य जिलों एवं संभागीय अध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष उपस्थिति में वार्षिकी आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया। जिले के समस्त वाहन चालक संघ के जिला अध्यक्षों एवं संभागाध्यक्षों का प्रतिक चिन्ह देकर सम्मान किया गया। देवास शाखा के उपाध्यक्ष विक्रम दंशोही, सचिव रमेश कारपेंटर, कोषाध्यक्ष कमलेश अवस्थी, रामचंद्र यादव तथा देवकरण कारपेंटर आदि उपस्थित थे। प्रांताध्यक्ष के निर्देशानुसार देवास जिले में 25 अप्रैल को 11 सूत्री मांगों को लेकर कलेक्टर को मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।

खबरें और भी हैं...