परशुरामजी की जयंती पर निकाली शोभायात्रा
समाजजन द्वारा निकाली गई शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं।
सोनकच्छ | बुधवार को भगवान परशुरामजी की जयंती मनाई गई। समाजजनों द्वारा स्थानीय गीताभवन से शोभायात्रा निकाली। शाम 5 बजे बैंड बाजे, ढोल के साथ सुसज्जित रथ जिसमें परशुरामजी की प्रतिमा विराजित थी, यात्रा शुरू हुई। यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई पुन: गीताभवन पहुंची। पूजन-अर्चन कर महाआरती व प्रसादी का वितरण किया गया। यात्रा का नगर मे जगह जगह पर विभिन्न समाजजन व संगठनों द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। अनेक स्थानों पर ठंडाई का वितरण किया गया। ब्राह्मण समाज के बच्चे, युवा, वरिष्ठजन, युवती व महिलाएं शामिल हुईं।
हुआ स्वागत : शोभायात्रा का स्वागत माहेश्वरी, जैन, राजपूत समाज, वैश्य महासम्मेलन, समाजसेवी नवनीत गुप्ता, सत्यनारायण लाठी, आरिफ खान, शब्बीर कुरैशी, इक्का पहलवान आदि ने पुष्पवर्षा व ठंडाई आदि से स्वागत किया।