तेज बारिश से सोनकच्छ-हाटपिपल्या की मंडी में 1200 क्विंटल अनाज भीगा
जिले में अंचल में कई स्थानों पर बारिश हुई जिससे मंडियों और खरीदी केंद्रों पर सरकारी अनाज भीग गया। सोनकच्छ की कृषि उपज मंडी में अचानक आई बारिश ने खुले में पड़ा 10 हजार क्विंटल सरकारी खरीदे गए चने में से 1 हजार क्विंटल चना गीला हो गया है। उक्त लापरवाही नैफेड के लिए खरीदी कर रही मध्य भारत कंपनी के केंद्र पर हुई है। उनके द्वारा परिवहन नहीं किए जाने से सरकारी माल गीला हो गया है।
बारिश थमने के बाद एसडीएम नीरज खरे, तहसीलदार केएल तिलवारी व नायब तहसीलदार राजभानसिंह कुशवाह मंडी में पहुंचे। यहां अव्यवस्था देख खरे नाराज हुए। उन्होंने खरीदी केंद्र प्रभारी रायसिंह सैंधव को फटकार लगाते कहा कि सरकारी माल है, घर का होता तो सारी व्यवस्था जुटा लेते। उधर इस मामले में एसडीएम ने प्रभारी को निर्देश दिए हैं कि अब जो भी खरीदी की जाए उस माल को शेड में ही रखा जाए। तथा शाम 7 बजे के बाद खरीदी बंद कर परिवहन कार्य किया जाए। साथ ही मंडी प्रबंधन को आदेश दिया कि मंडी में निर्मित नालियों की सफाई कराकर पानी निकासी के इंतजाम किए जाएं।
हाटपिपल्या में मंगलवार को हुई बारिश से कृषि उपज मंडी में टीन शेड के बाहर रखा गेहूं-चना गीला हो गया। विपणन सहकारी संस्था व उन्नत सहकारी संस्था द्वारा समर्थन मूल्य में की गेहूं-चना, सरसो व मसूर की खरीदी की गई थी। उन्नत संस्था के भरत सैंधव ने बताया कि अभी तक 45 हजार बोरी गेहूं 13 हजार बोरी चना खरीदा जा चुका है, जिसमें से 25 हजार बोरी शारदा वेयर हाउस में रखा हुआ है बाकी की बोरियां देवास गोडाउन में भेज दी गई हैं। टीन शेड की नीचे करीब 2 हजार बोरिया रखी हैं। टीन शेड से बाहर रखा माल गीला हो गया है। साथ ही 250 क्विंटल सरसों व 150 क्विंटल मसूर भी पड़ा हुआ है, जो गीला नहीं हुआ है जिसका परिवहन नहीं हो पाया है। ट्रांसपोर्टर व वेयर हाउस वाले को महीने भर से बोल रहे हैं पर वो माल उठा नहीं रहे हैं। विपणन सहकारी संस्था के प्रबंधक प्रदीप टोंग्या ने बताया समर्थन मूल्य में संस्था द्वारा 37 हजार बोरिया गेहूं की खरीदी जा चुकी है जिसमें से 35 हजार बोरी का गोडाउन में है। 13 हजार क्विंटल चना खरीदा था जिसमें से 7 हजार बोरी भी गोडाउन भिजवा दी गई है। खुले में डेढ़ सौ दो सौ क्विंटल चना भीगा है।
इधर बेहरी में 15 मिनट हुई बारिश, देवास में बूंदाबांदी
बेहरी सहित आसपास के गांवों में करीब 10 से 15 मिनट बारिश हुई। शाम 4 बजे अचानक मौसम का मिजाज बदला और बारिश शुरु हो गई, जिसके बाद लोगों ने गर्मी से राहत की सांस ली। जैसे ही बारिश शुरु हुई बच्चे भी घर से बाहर निकल बारिश का आनंद लेने लगे। पुंजापुरा में भी हल्की बारिश से मौसम में घुली ठंडक घुल गई। देवास शहर में भी करीब शाम चार बजे तेज-हवा आंधी के साथ हल्की बौछारें गिरी। इससे बढ़ी उमस से लोग परेशान हो गए।
हाटपिपल्या. बारिश के चलते मंडी परिसर में बाहर रखा अनाज भीगता रहा।