सोनकच्छ में तीन संतों ने गेती चलाकर किया शीतला माता मंदिर का भूमिपूजन
नगर के 250 वर्ष से अधिक पुराने एकमात्र शीतला माता मंदिर निर्माण का भूमिपूजन सोमवार सुबह 9 बजे हुआ। भूमिपूजन ग्राम कोठड़ा में स्थित मां धूमावती शक्तिपीठ के पीठाधीश्वर नित्यामुक्तानंद तीर्थजी महाराज, ध्यान गुरु आत्मानंदजी महाराज, पिपलेश्वर महादेव मंदिर के लवचंद्रदासजी महाराज ने गेती चलाकर किया। इससे पूर्व पं. दिनेश शर्मा द्वारा विधि विधान से मां शीतला का पूजन अर्चन कर उक्त कार्य की स्वीकृति मांगी गई। समिति सदस्यों ने संतों का तिलक लगाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिर के निर्माण में करीब 10 लाख से अधिक का व्यय होना है। राशि जनसहयोग से एकत्रित की जाएगी। हालांकि इन दिनों जल समस्या होने से उक्त निर्माण को लेकर समिति नप से चर्चा कर मंदिर निर्माण का कार्य शुरू करा देंगे। उधर वर्तमान में मंदिर में विराजित मूर्तियों के स्थान 2 माह नहीं छुड़ाए जाएंगे क्योंकि नगर का एक मात्र शीतला माता मंदिर होने से वैवाहिक कार्यक्रम में सबसे पहले मां का पूजन किया जाता है। इसलिए समिति मूर्तियों को विद्वान पंडितों से पूछकर ही हटाएगी। इस अवसर पर अजयसिंह बघेल, दशरथ यादव, शंकरसिंह तोमर, सुरेश यादव, नरेंद्र गुप्ता, शंकरलाल यादव, ललित पाटोदी, राजेश यादव, चन्द्रशेखर सोखिया, अनूप गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, राजेंद्र गजेश्वर, अमरसिंह मालवीय, रामचंद्र यादव, ओमप्रकाश बोरवाल, सुरेश भूतड़ा, दिलीप खत्री, तरुण खत्री, भारत बोरलिया, भूपेंद्र गुप्ता, ओमप्रकाश यादव, प्रेमकुंवरबाई, सुरेंद्र कुशवाह आदि उपस्थित थे।
गेती चलाकर भूमिपूजन करते संत।