मेरी विनती यही है राधारानी, कृपा बरसाए रखना...
माहेश्वरी समाज द्वारा बजरंग चौराहे पर माहेश्वरी समाज के नवनिर्मित मंदिर में भगवान राधा कृष्णजी एवं हनुमानजी की मूर्ति स्थापना का पांच दिवसीय महोत्सव का आयोजन रविवार को शुरू किया गया। इस दौरान शोभायात्रा निकली जिसमें मेरी विनती यही है, राधारानी कृपा बरसाए रखना, रामजी की निकली सवारी, दीवाना राधे का, श्याम तेरी बंसी पुकारे राधा नाम, जा रे हट नटखट ना छू रे मेरा घूंघट पलट के दूंगी आज तुझे गाली रे, छम छम नाचे वीर हनुमान... आदि एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति गायक द्वारका मंत्री देवास ने दी।
नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः मंदिर पर पहुंची। यात्रा में बग्घी में राधाकृष्ण की नवीन आकर्षक मूर्ति व कलश आकर्षण का केंद्र रहा। यज्ञाचार्य पं. रामाधार द्विवेदी (मुकुंदमुनि) वाग्चेतना पीठम् बागली व पं. कनिष्क द्विवेदी शामिल हुए। यात्रा का जगह-जगह स्वागत कर राधाकृष्ण की मूर्ति की पूजा की। कई स्थानों पर ठंडाई का वितरण किया गया। समाज की महिलाएं 21 कलश अपने सिर पर लेकर यात्रा में शामिल हुईं। यात्रा मंदिर पहुंची जहां हनुमानजी, भोलेनाथ व राधाकृष्ण की आरती कर प्रसादी का वितरण किया गया।
माहेश्वरी समाज द्वारा निकाली गई शोभायात्रा में द्वारका मंत्री हुए शामिल, बैंड पर दी भजनों की प्रस्तुति
सोनकच्छ. माहेश्वरी समाज द्वारा निकाली गई शोभायात्रा में भजनों पर श्रद्धालुओं ने नृत्य किया।
20 को होगी पांच दिनी महोत्सव की पूर्णाहुति
यात्रा में नगर सहित भौंरासा, बीसाखेड़ी, चौबाराधीरा, देवली, गढ़खजुरिया, गंधर्वपुरी आदि स्थानों से भी समाजजन शामिल हुए। उधर, 16 से 20 अप्रैल तक मूर्ति स्थापना महोत्सव अंतर्गत यज्ञ व अनुष्ठान का आयोजन दोपहर 12 बजे से किया जाएगा। वैदिक पुराणों अनुसार मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा एवं कलश स्थापना समारोह का कार्यक्रम संपन्न होगा। 20 अप्रैल को पूर्णाहुति एवं महाप्रसादी दोपहर 12 बजे आयोजित होगी।