भास्कर न्यूज | चौथ का बरवाड़ा
दैनिक भास्कर द्वारा सामाजिक सरोकार कि दिशा में शुरू किए गए जल संरक्षण अभियान के तहत शनिवार से बरवाड़ा में जल बचत व जागरूकता अभियान शुरू किया गया। अभियान के तहत पेंशनर समाज के साथ शिक्षक, पंचायत कोरम सदस्य तथा अन्य समाजसेवियों ने पेंशनर सदन में बैठक का आयोजन कर जल सरंक्षण को लेकर विचार गोष्टी का आयोजन किया गया। इसके बाद सभी ने कई मोहल्लों में जाकर जल संरक्षण के लिए लोगो का जागरूक किया तथा जहां पर खुले नल मिले वहां पर ग्राम पंचायत की ओर उपलब्ध कराई गई टोंटियों को लगाकर पानी व्यर्थ नहीं बहने देने के लिए संकल्प दिलाया गया।
कस्बे में दैनिक भास्कर की शुरू किए गए जल संरक्षण अभियान के तहत पेंशनर सदन में अध्यक्ष शरीफ अहमद की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित समाजसेवकों, जनप्रतिनिधियों तथा शिक्षकों ने संकल्प लिया की वो अपने आसपास के लोगों को जल संरक्षण के लिए प्रेरित करेंगे तथा पानी के महत्व के बारे में लोगों को समझाएंगे। बैठक में ग्राम पंचायत प्रशासन की ओर से पानी व्यर्थ नहीं बहे, इसके लिए टोंटियों का इंतजाम किया गया। बैठक के बाद लोगों ने कस्बे के खजान सिंह का बाग, खटीक मोहल्ला, चौथमाता मार्ग, जामा मस्जिद मार्ग, भैंरूजी का रास्ता, हलवाई गली आदि स्थानों पर घूमकर लोगों को पानी के महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर जहां पर भी नल खुले मिले वहां पर टोंटियां लगाई गई। पेंशनर समाज के लोगों ने बताया कि जल संरक्षण के तहत रोजाना विभिन्न मोहल्लों में जाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। दैनिक भास्कर की ओर से शुरू इस अभियान में पहले दिन पेंशनर समाज के अध्यक्ष शरीफ अहमद के साथ बेणी प्रसाद माधव, श्रीधर शर्मा, मीना धर्मशाला अध्यक्ष गोपीलाल मीना, फेलूराम मीना, हरिशंकर सोनी, उपसरपंच रामधन नागर, मुकेश वर्मा, ओमप्रकाश जैन, रमेश शर्मा, पूर्व उपसरपंच चौथमल वर्मा, शिवराज सिंह आमेरा, रामबाबू शर्मा, छीतर लाल सैनी, बनवीर सिंह, गिर्राज वर्मा, छीतर खां देशवाली, रामनिवास महावर, सुरेंद्र सिंह आमेरा, पूरणमल जैन, घासीलाल गुर्जर आदि अभियान के तहत जुड़कर लोगों का जागरूक कर रहे हैं।
चौथ का बरवाड़ा. खुले नलों पर टोंटियां लगाकर लोगों को समझाते समाजसेवी।
चौथ का बरवाड़ा. खुले नलों पर टोंटियां लगाकर लोगों को समझाते समाजसेवी।
भास्कर जल मित्रों ने पिलाया जल
भास्कर न्यूज | सूरवाल
अजनोटी गांव के बस स्टैंड पर सैंकड़ो यात्रियो के भास्कर जल मित्रों गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल की व्यवस्था की है। बस स्टैंड का बोरिंग खराब होने से जल मित्रों द्वारा आधा किलोमीटर दूर तक एक निजि बोरिंग से पाइप लाइन के जरिए पानी लाया गया तथा बस स्टैंड पर बैठे यात्रियों एवं सवारी वाहनों में बैठे यात्रियों को शीतल जल पिलाया। जल मित्रों द्वारा गर्मी की अधिकता को देखते हुए रोजाना यात्रियों के पेयजल की व्यवस्था की जाएगी। जल मित्र शंकरलाल मीना सहित अन्यों ने बताया कि बस स्टैंड पर रोजाना सैंकड़ों यात्रियों की आवाजाही रहती है। गर्मी के मौसम में यात्री पानी के लिए भटकते रहते हैं, वही बस स्टैंड से निकलने वाली बसों में बैठी सवारियां भी पानी के लिए बस से उतरकर हैंडपंपों एवं जल स्त्रोतों को ढूंढते रहते है। जल मित्रों ने बताया कि पूर्व में ग्राम पंचायत द्वारा बस स्टैंड पर टंकी लगाई गई, लेकिन करीब दस महीने से टंकी में पानी भरने की कोई व्यवस्था नहीं की जा रही थी। ऐेसे में ग्रामीणों ने आपस में सहयोग की भावना रखते हुए आधा किलोमीटर दूर स्थित एक बोरिंग से पाइप लाइन के जरिए पानी लाया गया। टंकी को भरने के बाद बस स्टैंड पर बसों को इंतजार करने वाले यात्रियों एवं बसों में बैठे अन्य यात्रियों शीतल जल उपलब्ध कराए जाने की मुहिम चलाई है।
जल मित्र शंकरलाल मीना।
सूरवाल. बस स्टैंड पर यात्रियों को जल पिलाते भास्कर जल मित्र।
टोरड़ा के स्कूल में पानी की परेशानी
भास्कर न्यूज | भगवतगढ़
ग्राम पंचायत क्षेत्र के टोरड़ा गांव में स्कूल के बालकों को पानी की सुविधा उपलब्ध करवाने वाली बोरिंग खराब होने एवं नई मोटर डालने के बाद भी पानी नहीं मिलने से बालकों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
गांव के लोगों ने बताया कि छह-सात माह पूर्व स्कूल की बोरिंग की मोटर खराब हुई थी। इसे पंचायत सरपंच द्वारा नई बदलकर देने के बाद बोरिंग में लगाया गया। लेकिन बोरिंग में पानी नीचे चले जाने के कारण समस्या का समाधान नहीं हो पाया।
मोटर नहीं चल पाने तथा बोरिंग में पानी का स्तर नीचे चले जाने के कारण स्कूल में बनाई गई पानी की बड़ी टंकी भी खाली पड़ी हुई। टंकी खाली रहने से इसके भी तड़कने का अंदेशा बना हुआ है। इस संबंध में पंचायत शिक्षा अधिकारी ने कलेक्टर को भी समस्या से अवगत कराया था।
कलेक्टर ने अधिशासी अभियंता को शीघ्र समस्या समाधान करने के निर्देश दिए थे, लेकिन दो माह से अधिक का समय बीतने के बाद भी समाधान नहीं हुआ है। गांव के लोगों ने समस्या का समाधान कर बालकों को पेयजल उपलब्ध करवाने का आग्रह अधिकारियों से किया है।