पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • भगवान परशुराम जयंती पर निकाली शोभायात्रा में सभी समाजों के लोगों ने पुष्प वर्षा कर दर्शाया सौहार्द

भगवान परशुराम जयंती पर निकाली शोभायात्रा में सभी समाजों के लोगों ने पुष्प वर्षा कर दर्शाया सौहार्द

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता| श्रीगंगानगर

विष्णु के छठे अवतार, परशुराम की जय जयकार, जब तक सूरज चांद रहेगा परशुराम का नाम रहेगा... के जयकारे शहर में गूंजते रहे। यह भक्तिमय माहौल भगवान परशुराम जयंती के उपलक्ष्य में रविवार को निकली शोभायात्रा में नजर आया। विभिन्न संस्थाओं व समाजों के लोगों ने जगह-जगह शोभायात्रा का पुष्प वर्षा से स्वागत कर सौहार्द का परिचय दिया। शोभायात्रा के लिए बाह्मण समाज के लोग सुबह आठ बजे परशुराम चौक पर इकट्ठे हुए। यहां विधि-विधान से भगवान परशुराम की प्रतिमा के समक्ष पूजा-अर्चना की। ब्राह्मण समाज के महामंत्री प्रवीण गौड़ व अन्य ने समाज के लोगों का तिलक कर समाज में एकता व भाईचारे का संदेश दिया। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं व बच्चे भी शामिल हुए। शोभायात्रा सुबह सवा नौ बजे भगवान परशुराम चौक से शुरू हुई जो बीरबल चौक, रवींद्र पथ, कोडा चौक व पुरानी आबादी सब्जी मंडी होते हुए गौड़ धर्मशाला पहुंची। यहां वक्ताओं ने भगवान परशुराम की जीवनी के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा उनके बताए मार्ग पर चलने की बात कही। सभी ने एक-दूसरे को जयंती पर्व की बधाई दी। इसके बाद सहभोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रविकांत शर्मा व लक्ष्मीकांत शर्मा की ओर से भगवान परशुराम की प्रतिमा स्वरूप तस्वीर समाज के लोगों को वितरित की गई।

गीता भवन में भागवत कथा 23 अप्रैल से

बीरबल चौक स्थित गीता भवन में 23 से 29 अप्रैल तक श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इसमें वृंदावन के भागवताचार्य स्वामी अश्विनी मिश्र कथा वाचन करेंगे। कथा का समय अपराह्न 3 से शाम 7 बजे तक रहेगा। इस संगीतमयी कथा में सुमधुर भजनों की भी अमृत वर्षा की जाएगी।

बाह्मण समाज ने निकाली शोभायात्रा, विभिन्न संस्थाओं ने जगह-जगह किया स्वागत

ब्राह्मण समाज के लोगों को तिलक कर आपसी एकता व भाईचारे का संदेश दिया

भगवान परशुराम चौक पर यूआईटी के चेयरमैन संजय महिपाल, भाजपा नेता प्रहलादराय टाक, कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष सहारण, जयदीप बिहाणी, अरोड़वंश ट्रस्ट अध्यक्ष कपिल असीजा, सचिव दीपक मिड्ढा, उपाध्यक्ष रिंकू मिड्ढा, मनीष बजाज, गोपाल वाट्स, ललित बहल, गौरू बिहाणी, राजकुमार जैन, रामू भुजियावाला, मोहम्मद हमीद, शैम्पी मेहरा, लालचन्द धोबी, राजकुमार जोग, विष्णु वर्मा, सुरेन्द्र , सुरेश जैन, राजकुमार अरोड़ा सहित विभिन्न समाजों के लोगों ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। परशुराम चौक पर श्याम शर्मा ने और शनि मंदिर के पास सुनीता पंचारिया, विमलेश शर्मा, सरला शर्मा, पूजा बिहाणी, पुष्पा बिहाणी, प्रेम शर्मा व गंगाराम शर्मा ने जलपान की व्यवस्था की।

आकर्षण का केंद्र रही भगवान श्रीकृष्ण की झांकी : शोभायात्रा में भगवान परशुराम व भगवान श्रीकृष्ण की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। श्रीकृष्ण की झांकी के साथ समाज के लोग भजनों पर थिरकते नजर आए। शोभायात्रा में कुसुम कौशिक, सुनीता पंचारिया, विमलेश शर्मा व प्रभा शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। जगदीश गौड़, पवन गौत्तम, मनोहर शर्मा व राजेन्द्र लाटा, विजय पंचारिया, डॉ. आरपी भारद्वाज, विजय पंचारिया, राजकुमार गौड़, विकास धेरड़, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष प्रदीप धेरड़, केसी शर्मा, राजीव शर्मा, विनोद कौशिक एवं सुनील पहलवान सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए।

शाक्य महासभा 29 को निकालेगी शोभायात्रा, प्रचार में जुटे सदस्य

श्रीगंगानगर| शाक्य महासभा श्रीगंगानगर द्वारा 29 अप्रैल को शहर में शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में महासभा जनसहभागिता के लिए समाज बंधुओं से गांव-गांव जाकर संपर्क कर रही है। रविवार को महासभा के सदस्य साधुवाली व भट्टा 4 जैड के साथी आसपास की ढाणियों में जाकर प्रचार-प्रसार किया गया। विश्व बंधुत्व के प्रेरणा के स्रोत रहे शाक्य मुनि भगवान गौतम बुद्ध के जन्म, ज्ञान प्राप्ति एवम परिनिर्वाण अवसर पर समाज को शांति पूर्वक रहने का संदेश दिया जाएगा। प्रचार सचिव रामवीर शाक्य ने बताया कि इसके लिए प्रहलाद राय, दुष्यंतकुमार, गुलाब सिंह, मुकेश, नारायण दास, नवीन, पवन, लक्ष्मीनारायण व अनिल सहित अन्य सदस्यों की डयूटी लगाई गई है।

परशुराम सेना का गठन, सतीश शर्मा अध्यक्ष

श्रीगंगानगर| पुरानी आबादी स्थित गौड़ ब्राह्मण सभा में रविवार शाम ब्राह्मण समाज के सामाजिक कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इसमें सर्वसम्मति से भगवान परशुराम सेना इकाई का गठन किया गया। इसमें सतीश शर्मा अध्यक्ष व राहुल गौड़ सचिव चुने गए। सतीश शर्मा ने संबोधन में परशुराम सेना के गठन के उद्देश्य के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि अन्याय व अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष करते हुए ब्राह्मण समाज की संगठन शक्ति को और अधिक मजबूत किया जाएगा। इसके साथ ही सामाजिक सरोकार के कामों में भी सक्रिय सहभागिता निभाई जाएगी। बैठक में निशांत शर्मा, चेतन शर्मा, सिद्धार्थ शर्मा, केशव शर्मा सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे।

खबरें और भी हैं...