वैसाखी पर महान गुरमत व कीर्तन समागम में संगत को किया निहाल
श्रीगंगानगर| खालसा साजना दिवस वैसाखी पर रविवार को जी ब्लॉक स्थित गुरुद्वारा श्रीगुरुनानक दरबार में महान गुरमत समागम में कथा-कीर्तन से संगत को निहाल किया। यह विशेष समागम महंत काहन सिंह जी गोनियाना मंडी वालों के सरपरस्ती में भाई घन्हैया के 300 साला ज्योति ज्योत शताब्दी एवं श्री गुरु नानक देव के 550 साला प्रकाश उत्सव को समर्पित किया गया। इसमें भाई कमलजीत सिंह हजूरी रागी श्री दरबार साहिब विशेष तौर पर पहुंचे। महंत काहन सिंह जी गोनियाना मंडी वालों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। भाई कमलजीत सिंह ने गुरबाणी कीर्तन किया। सेवादार सुखदेव सिंह पंछी के अनुसार महंत काहन सिंह ने भाई घन्हैया की जीवनी पर प्रकाश डाला। हजूरी रागी भाई दिलीप सिंह धुरी ने शब्द कीर्तन किया। कथावाचक भाई संतोख सिंह पटना साहिब वालों ने विचार साझा किए। समागम उपरांत गुरु का अटूट लंगर बरताया गया। हजारों की तादाद में संगत ने गुरुघर में माथा टेक श्रद्धा सुमन अर्पित किए। भाई कमलजीत सिंह को सिरोपा देकर सम्मानित किया गया। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के गुरबचन सिंह वासन, गुरचरण सिंह अलग, गुरदयाल सिंह खनूजा, अरविंदर पाल सिंह मक्कड़, हरबंस सिंह चावला आदि ने महंत काहन सिंह को उनकी सिख पंथ में की गई महान सेवाओं के लिए सिरोपा देकर सम्मानित किया।