कृषि भूमि दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी कर 8.50 लाख हड़पने का आरोप
भास्कर संवाददाता| श्रीगंगानगर
कृषि भूमि दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी कर साढ़े आठ लाख रुपए हड़पने के आरोप में सदर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार शक्तिनगर निवासी मनोज कुमार पुत्र अशोक कुमार अरोड़ा ने बताया कि उन्होंने सितंबर 2017 में कालियां रोड पर कृषि भूमि खरीदने के लिए बंशीलाल पुत्र लोकेश कुमार से मुलाकात की। इस पर बंशीलाल ने उन्हें कई जगहों पर कृषि भूमि दिखाई। इसके बाद बंशीलाल ने एक स्थान पर नरेश कुमार की जमीन दिखाई और 2.10 बीघा जमीन का सौदा कराने का आश्वासन दिया।
इस पर परिवादी ने बंशीलाल को 8.50 लाख रुपए सौंप दिए। कुछ दिनों बाद परिवादी को पता चला कि बंशीलाल ने जिस जमीन की एवज में परिवादी से रुपए लिए हैं वही जमीन किसी अन्य को बेच दी गई है और रुपए भी वापस नहीं लौटाए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।