एसबीआई के एटीएम कार्ड से अब एक दिन में निकाल सकेंगे एक लाख रुपए
भास्कर संवाददाता | श्रीगंगानगर
भारतीय स्टेट बैंक ने ग्राहकों की सुविधा के लिए एक नया एप योनो लाॅन्च किया है। इससे ग्राहक घर बैठे खाता खोल सकते हैं। इस खाते के तहत जो एटीएम कार्ड मिलेगा, उससे ग्राहक एक दिन में एक लाख रुपए तक निकाल सकते हैं। योनो एप से खाता खुलवाने पर पांच लाख रुपए की फ्री इंश्योरेंस सुविधा भी मिलेगी। बता दें कि अभी तक किसी भी बैंक के एटीएम कार्ड से एक दिन में अधिकतम 40 हजार रुपए निकालने की सुविधा है।
ऐसे खोल सकते हैं ऑनलाइन खाता : अब स्टेट बैंक का खाता घर बैठे खोला जा सकता है। इसके लिए मोबाइल फोन पर स्टेट बैंक का योनो एप डाउनलोड करना होगा। इसी एप में खाता खोलने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। एप के जरिए एक फॅार्म आएगा, जिससे आधार नंबर, पैन कार्ड नंबर डालना होगा। इसके बाद में बैंक की संबंधित शाखा में जाकर बायोमेट्रिक्स कार्ड से अंगूठा लगाना होगा। उसके बाद खाता शुरू हो जाएगा।
प्लेटिनम एटीएम कार्ड के जरिए आसानी से निकाली जा सकेगी राशि
एसबीआई के एजीएम टीएस गहलोत ने बताया कि बैंक एक लाख रुपए निकालने के लिए नए खाताधारियों को प्लेटिनम एटीएम कार्ड जारी कर रहा है। इस कार्ड से पैसा निकालने में परेशानी नहीं होगी। यह राशि आसानी से निकाली जा सकेगी। परेशानी होने पर ग्राहक नजदीकी शाखा से संपर्क कर सकता है।
बड़ी राहत
अभी निकलते थे 40 हजार रुपए एसबीआई ने लाॅन्च किया योनाे एप, ग्राहक घर बैठे खोल सकेंगे खाता
नए खाते से रुपए निकालने पर अड़चनें भी कम नहीं
एसबीआई ने ग्राहकों की सुविधा के लिए भले ही एटीएम कार्ड से रुपए निकालने की लिमिट बढ़ा दी है। लेकिन इसमें अड़चनें भी कम नहीं है। ग्राहकों का कहना है कि अधिकतर एटीएम में नकदी की कमी रहती है। जब 40 हजार रुपए निकालने में मशक्कत करनी पड़ती है, तब एक लाख रुपए निकालने पर क्या हाल होगा, सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। एटीएम में एक बार में 10 हजार रुपए से ज्यादा निकालने पर नोट फंसने का डर रहता है। बावजूद किसी तरह लोग अपने 40 हजार की लिमिट 10-10 हजार रुपए चार बार निकाल कर पूरी करते हैं। ट्रांजेक्शन की लिमिट भी तय है यानी पांच ट्रांजेक्शन के बाद चार्ज लगने लगता है। तब एक लाख रुपए क्षमता बढ़ाने की योजना कितना कारगर होगी, भविष्य की बात है।