तापमान छह दिन में 4.5 डिग्री बढ़कर 39.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा
भास्कर संवाददाता|श्रीगंगानगर
क्षेत्र में बादलवाही व ठंडी हवा थमने के साथ ही तापमान में एकाएक बढ़ोत्तरी हुई है। शनिवार को अधिकतम तापमान बीते सप्ताह में सबसे अधिक रहा। बीती रात ठंडी हवाएं चलने से सुबह कुछ मौसम खुशनुमा रहा। लेकिन करीब 11 बजे तेज गर्मी पड़ने लगी। अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस रहा। शाम को फिर आसमान में बादल छाए। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान बाड़मेर 41.8 व जैसलमेर 41.6 डिग्री रहा है। सप्ताह के प्रारंभ में 9 अप्रेल को अधिकतम तापमान 34.9 व न्यूनतम 20.8 डिग्री रहा था। मात्र 6 दिन में ही तापमान में 4.5 डिग्री बढ़ गया है। श्रीगंगानगर में न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी रही है। बीते रोज की तुलना में न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री अधिक होकर 22.1 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम वैज्ञानिक अभी भी इलाके में बारिश या आंधी की संभावना जता रहा है।