अग्निशमन दिवस पर 66 शहीदों को नमन
भास्कर संवाददाता श्रीगंगानगर।
नागरिक सुरक्षा विभाग श्रीगंगानगर के प्रांगण में अग्निशमन सेवा दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसकी शुरुआत उपनियंत्रक एवं एसडीएम यशपाल आहूजा ने ध्वजारोहण कर की। यशपाल आहूजा ने संबोधित करते हुए अपना जीवन जोखिम में डाल दूसरों को बचाने की अग्नि सेवाकर्मियों की श्रेष्ठ सेवा को नमन किया। चीफ वार्डन निर्मल जैन ने बताया कि 14 अप्रैल 1944 को मुम्बई बंदरगाह पर जहाज में भयंकर अग्निकांड में काम करते हुए 66 अग्नि सेवाकर्मी शहीद हो गए थे। उनकी याद में हर वर्ष 14 अप्रेल को अग्निशमन दिवस मनाया जाता है। फायर प्रभारी आत्माराम स्वामी ने सलामी दी तथा उत्कृष्ट कार्य करने पर वेद सुथार व सुशील कुमार शर्मा को राज्य सम्मान से सम्मानित किया गया।
श्रीगंगानगर. अग्निशमन दिवस पर नागरिक सुरक्षा विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में संबोधित करते एसडीएम आहुजा।
फायर ब्रिगेड कार्यालय में शहीदों को दी श्रद्धांजलि
नगरपरिषद की ओर से फायर ब्रिगेड कार्यालय में राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा दिवस मनाया गया। इसमें सभापति अजय चांडक ने कहा कि अग्निशमन कर्मचारी पूरी मेहनत और लगन से काम करते हैं। आने वाले समय में विभाग के लिए अत्याधुनिक उपकरणों की व्यवस्था की जाएगी। इससे पूर्व सभापति व सचिव लाजपत बिश्नोई, पार्षद मनीराम स्वामी, पूर्व पार्षद जगदीश झोरड़ सहित अन्य ने शहीद हुए अग्निशमन कर्मचारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। बिश्नोई ने कहा कि आग की कोई भी घटना हो तो तत्काल बचाव कार्य किया जाए। फायर आफिसर गौतम लाल ने भी संबोधित किया।