इंडोर स्टेडियम का 6 माह पहले किया था शिलान्यास, Rs.1.16 करोड़ मिले
भास्कर संवाददाता| श्रीकरणपुर
क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है। खेल इंडिया स्कीम में इंडोर स्टेडियम के लिए सरकार ने 1.16 करोड़ रुपए की स्वीकृति जारी कर दी है। शुक्रवार को जयपुर व श्रीगंगानगर से आए संबंधित अधिकारियों ने श्रीकरणपुर पहुंच राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान का जायजा लिया है। छह महीने पहले खान राज्य मंत्री सुरेंद्रपाल सिंह टीटी ने 2 करोड़ की लागत के अत्याधुनिक इंडोर स्टेडियम बनवाने की घोषणा की थी। 8 अक्टूबर 2017 को खेलमंत्री गजेंद्र खींवसर व पंचायती राजमंत्री राजेंद्रसिंह राठौड़ और टीटी ने स्टेडियम निर्माण का शिलान्यास किया था। इसके बाद बजट के अभाव में इसका निर्माण नहीं हो सका था। अब राशि स्वीकृति के बाद शुक्रवार को खेलकूद विभाग जयपुर से कंसलटेंट भूपेश चौधरी, जिला खेलकूद अधिकारी उम्मेदसिंह, आरएसआरडीसी के सहायक अभियंता विजय कोचर, शमशेरसिंह एथलेटिक्स कोच गंगासिंह स्टेडियम श्रीगंगानगर ने खेल मैदान का जायजा लिया।
खिलाड़ियों को मिलेगा लाभ
स्टेडियम में 1-22 मीटर की आठ टाट्रन ट्रैक गलियां बनने से एक सौ मीटर से तीन हजार मीटर स्टेपल चेंज तक तथा लंबी कूद, ऊंची कूद के खिलाड़ियों को लाभ मिलेगा। वहीं इंडोर स्टेडियम में वॉलीबाल , कुश्ती, बास्केटबाल, कबड्डी, जूडो, बेडमिंटन, टेबल टेनिस के खिलाड़ियों को सुविधा मिलेगी।