पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • धानमंडी में तीन घंटे खराब रहा तोल कांटा, गेहूं के थैलों से भरी ट्रॉलियों का जाम लगा

धानमंडी में तीन घंटे खराब रहा तोल कांटा, गेहूं के थैलों से भरी ट्रॉलियों का जाम लगा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता| श्रीगंगानगर

नई धानमंडी में कृषि जिंसों की आवक के अनुसार उठाव नहीं होने से जाम की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में किसान व्यापारी परेशान है। हालात इस कदर खराब है कि कृषि जिंसें बेचने के लिए आने वाले किसानों को जहां जगह मिल रही है वहीं उपज की ढेरियां लगा रहे हैं। मंडी में रोजाना जहां 50 हजार क्विंटल गेहूं की आवक हो रही है वहीं उठाव एक चौथाई ही हो रहा है। मंडी के व्यापारियों व किसानों ने शुक्रवार शाम को कलेक्टर से मिलकर कृषि जिंसों के उठाव का उचित प्रबंध करवाने की मांग की। नई धानमंडी में गेहूं की उठाव व्यवस्था सुधार के लिए शुक्रवार को 75 ट्रॉलियों से उठाव शुरू करवाया, लेकिन सुबह साढ़े सात से साढ़े दस बजे तक मोटर मार्केट में ट्रॉलियों की तोल का कांटा खराब होने से गेहूं के थैलों से भरी ट्रॉलियों का जाम लग गया। साढ़े दस बजे के बाद ट्रॉलियां सेंट्रल वेयर हाउस पहुंची यहां पर ऑनलाइन एंंट्री के लिए ट्रैक्टर ट्राली खाली होने के बाद चालकों को लाइन लगानी पड़ी। इस कारण दो से तीन घंटे यहां भी ट्रालियां खाली खड़ी रही। ट्रैक्टर ट्रॉली यूनियन के साधु सिंह, महेंद्र बागड़ी व अन्य लोगों ने पहुंचकर अव्यवस्थाओं पर रोष व्यक्त किया। दूसरी तरफ ट्रेडर्स एसोसिएशन अध्यक्ष रमेश खदरिया, कच्चा आढ़तिया संघ अध्यक्ष राजकुमार बंसल, रतनलाल गोयल, कुलदीप कासनियां व विक्रम चितलांगिया आदि ने कलेक्टर को बताया कि आवक के अनुसार मंडी से कृषि जिंसों का उठाव ट्रॉलियों से संभव नहीं है। ऐसे में तेजी से उठाव करवाने का प्रबंध किया जाए ताकि किसानों को परेशानी नहीं हो। कलेक्टर ने भी व्यापारियों को शनिवार से कृषि जिंसों के उठाव का उचित प्रबंध करवाने का आश्वासन दिया। इससे पूर्व सुबह कृषि उपज मंडी समिति सचिव शिवसिंह भाटी ने भी कलेक्टर व एडीएम से मिलकर मंडी से कृषि जिंसों के उठाव में आ रही दिक्कत से अवगत करवाया।

व्यापारियों व किसानों ने कलेक्टर से मिलकर की कृषि जिंसों के उठाव की व्यवस्था करवाने की मांग
कलेक्टर ने धानमंडी का लिया जायजा
जिला कलेक्टर ज्ञानाराम शाम को चार बजे नई धानमंडी पहुंचे तथा मंडी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कृषि उपज मंडी समिति अनाज के सहायक सचिव रमेश कुक्कड़ ने उन्हें व्यवस्थाओं के बारे में अवगत करवाया। इसके बाद कलेक्टर 100 नंबर दुकान पर पहुंचे तथा यहां सरसों व चना खरीद तथा उठाव व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

श्रीगंगानगर. सेंट्रल वेयर हाउस में ट्रॉलियां खाली करने के बाद ऑन लाइन एंट्री दर्ज करवाने के लिए चालकों की लगी कतार।

ट्रॉलियों से संभव नहीं कृषि जिंसों का पूरा उठाव
ट्रालियों से कृषि जिंसों का मंडी से पूरा उठाव संभव नहीं है। इन दिनों मंडी में ढाई लाख से अधिक थैले गेहूं से भरे हुए पड़े हैं। जबकि उठाव मात्र एक चौथाई थैलों का ही हो रहा है। उठाव का उचित प्रबंध नहीं हुआ तो गेहूं की सरकारी खरीद कम होगी तथा किसानों को मजबूरन कम दाम पर अपनी उपज बेचनी पड़ेगी। कुलदीप कासनियां, पूर्व अध्यक्ष कच्चा आढ़तिया संघ।

खबरें और भी हैं...