श्रीगंगानगर की जयश्री बोरड़ ने यूएनओ में बताई निरोगी काया की विशेषता
श्रीगंगानगर| श्रीगंगानगर की बहू डॉ. जयश्री बोरड़ ने संयुक्त राष्ट्र संघ (यूएनओ) में हुए कार्यक्रम में निरोगी काया की विशेषता बताई। राजकुमार जैन बोरड़ ने बताया कि जयश्री ने न्यूयार्क स्थित मुख्यालय में बारह दिन चली कार्यशाला में पहला सुख निरोगी काया के बारे में अपनी तार्किक प्रस्तुति दी। वैदिक वास्तु में पीएच.डी एवं रैकी में मास्टर डिग्री प्राप्त जयश्री ने महिला सशक्तिकरण पर हुई इस कार्यशाला में योग का महत्व भी बताया और स्वस्थ रहने के लिए वास्तु से जुड़े टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि वास्तु सीधे-सीधे स्वास्थ्य से जुड़ा है। भवन में ताजा हवा, रोशनी की पर्याप्त उपलब्धता, शयन, भोजन कक्ष आदि की दिशा का ध्यान रखने से निश्चित रूप से स्वास्थ्य पर अनुकूल असर पड़ता है। उन्होंने लिंगानुपात का जिक्र करते हुए कहा कि बेटा-बेटी एक समान है।