नप में 144 पदों पर होगी सफाई कर्मियों की भर्ती
श्रीगंगानगर। स्वायत शासन विभाग द्वारा हाल ही में निकाली गई सफाई कर्मियों की भर्ती में श्रीगंगानगर नगर परिषद में 144 पदों पर भर्ती होगी। भर्ती प्रक्रिया के लिए परिषद द्वारा एक कमेटी गठित की जाएगी। इसके बाद ही आवेदन पत्र आमंत्रित किए जाएंगे। कमेटी ही आवेदन लेगी और जांच कर उच्चाधिकारियों को अवगत कराएगी। आयुक्त सुनीता चौधरी का कहना है कि जांच के बाद निर्धारित संख्या से अधिक आवेदन आने पर लॉटरी से चयन किया जाएगा। डीएलबी निदेशक पवन अरोड़ा की ओर से जारी विज्ञप्ति में अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता संबंधित बाध्यता को हटा दिया है। वहीं आयु सीमा 18 से 35 वर्ष तय की गई है। एक साल का अनुभव रखने वालों को भर्ती में प्राथमिकता दी जाएगी। सामान्य व ओबीसी के लिए 100 रुपए शुल्क रखा गया है। वहीं एससी/ एसटी के लिए 50 रुपए निर्धारित है।
अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस के पदाधिकारियों ने सोमवार को आयुक्त सुनीता चौधरी को ज्ञापन सौंपकर अवगत करवाया कि डीएलबी में लंबे समय बाद सफाई कर्मियों की भर्ती निकाली है। नगर परिषद में 568 सफाई कर्मियों की जरूरत है, ऐसे में 144 पदों पर निकाली गई भर्ती को बढ़ाना चाहिए। महामंत्री बंटी वाल्मीकि ने बताया कि आयुक्त से यह भी मांग की गई है कि भर्ती में सफाई कामगार को ही प्राथमिकता दी जाएगी। भर्ती लॉटरी से ना करवाकर अभ्यर्थी का चयन प्रायोगिक परीक्षा व साक्षात्कार के माध्यम से किया जाए।