पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • रैक का इंतजार, जल्द चलेगी श्रीगंगानगर सीकर ट्रेन: डीआरएम

रैक का इंतजार, जल्द चलेगी श्रीगंगानगर-सीकर ट्रेन: डीआरएम

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता| श्रीगंगानगर

श्रीगंगानगर से सीकर ट्रेन चलाने के लिए रेलवे को रैक नहीं मिल रहा है। रैक उपलब्ध करवाने के लिए उत्तर-पश्चिम रेलवे के उच्चाधिकारियों से मांग की गई है। रैक की व्यवस्था होने के बाद ही इस ट्रेन को चलाया जा सकेगा। इसके अलावा बांद्रा-बीकानेर ट्रेन को भी श्रीगंगानगर तक बढ़ाने के लिए स्वीकृति मांगी गई है। स्वीकृति मिलते ही इस ट्रेन को श्रीगंगानगर तक बढ़ाया जाएगा। इससे क्षेत्र के लोगों को अतिरिक्त ट्रेन की सुविधा मिल जाएगी। बुधवार को श्रीगंगानगर रेलवे स्टेशन के निरीक्षण पर आए रेलवे मंडल बीकानेर के डीआरएम एके दूबे ने पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी।

डीआरएम ने बताया कि श्रीगंगानगर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के हर प्रकार की सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। प्लेटफार्म नंबर एक पर फुट ओवरब्रिज के पास स्वचालित सीढ़ियां लगाई जाएंगी। दूसरी तरफ प्लेटफार्म नंबर दो व तीन पर फुट ओवरब्रिज के पास लिफ्ट लगाने पर विचार किया जा रहा है। रेलवे के पास बजट की कमी है। यात्री सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए अधिक से अधिक काम करवाए जाएंगे। इसके लिए रेलवे स्टेशन अधिकारियों व यात्रियों की मांग संबंधी जो प्रपोजल मिल रहे हैं उन पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। वास्तव में जिन सुविधाओं की यहां जरूरत है। वे हर हाल में उपलब्ध करवाई जाएंगी। रेलवे पोस्ट ऑफिस के पास प्लेटफार्म नंबर एक से दो व तीन नंबर प्लेटफार्म पर आवाजाही के लिए पुराने फुट ओवरब्रिज के स्थान पर भी नया फुट ओवरब्रिज स्वीकृत किया गया है। इसका निर्माण कार्य भी जल्दी ही शुरू कर दिया जाएगा। शाम को डीआरएम ने रेलवे स्टेशन अफसरों की बैठक ली तथा रेलवे प्लेटफार्मों एवं विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया।

श्रीगंगानगर से नांदेड़ के लिए चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेन के पुराने कोच बदलकर आधुनिक एल एचबी कोच लगाए जाने हैं। डीआरएम ने बताया कि यह ट्रेन लंबी दूर तय करती है। इस कारण उत्तर-पश्चिम रेलवे के अलावा अन्य से भी इसकी स्वीकृति लेनी आवश्यक है। स्वीकृति मिलने के बाद ही इस ट्रेन के कोच बदलकर नए आधुनिक कोच इसमें शामिल किए जा सकेंगे।

रेलवे स्टेशन पर निरीक्षण करते रेलवे डीआरएम।

खबरें और भी हैं...