- Hindi News
- National
- अक्षया तृतीया पर शहनाई की गूंज के बीच वैवाहिक बंधन में बंधे 50 से ज्यादा जोड़े
अक्षया तृतीया पर शहनाई की गूंज के बीच वैवाहिक बंधन में बंधे 50 से ज्यादा जोड़े
भास्कर संवाददाता|श्रीगंगानगर
वैवाहिक एवं अन्य मंगल कार्यों पर लगभग एक माह से लगी रोक के बाद अक्षय तृतीया व परशुराम जयंती पर बुधवार को फिर शुरू हुए। अबूझ सावे पर शहर में काफी अधिक शादियां हुईं। इससे गली-मोहल्लों में शहनाई की गूंज रही। बैंड-बाजों व डीजे पर बजे पंजाबी व हिंदी गीतों की धुनों पर बाराती खूब नाचे। अनेक प्रमुख मैरिज पैलेस एवं धर्मशालाएं बुक रहीं। मैरिज पैलेस एसोसिएशन अध्यक्ष जुगल डूमरा ने बताया कि अक्षय तृतीया पर शहर में 50 से ज्यादा जोड़े शहनाई की गूंज के बीच वैवाहिक बंधन में बंधे। हरमिलापी श्री हनुमान मंदिर के पुजारी जितेंद्र झा के अनुसार 16 मई से अधिक ज्येष्ठ मलमास लगने से वैवाहिक व शुभ कार्य नहीं होंगे। इसके बाद विवाह व अन्य शुभ कार्य वापस 19 जून से शुरू होंगे।
मुख्य बाजारों में खरीदार आने से खूब रही चहल-पहल :
वैवाहिक एवं अन्य मंगल कार्य शुरू होने से शहर के बाजारों में चहल-पहल रही। गहनों से लेकर बर्तनों व कपड़ों की दुकानों पर अच्छी ग्राहकी रही। गोल बाजार, अंबेडकर सर्किल, रवींद्र पथ, पुरानी धान मंडी के नजदीक दुकानों पर लोगों ने खूब खरीदारी की।
बाल विवाह रोकथाम का संकल्प दिलाया :
श्रीगंगानगर। जिला विधिक प्राधिकरण जागरूकता टीम चूनावढ़ थाना में विधि शिविर का आयोजन किया गया। थानाधिकारी शैलेश कुमार व विजय सिंह शेखावत के सहयोग से लगाए गए शिविर में एडवोकेट वेदप्रकाश नारंग व पैरालीगल वॉलंटियर अरविंद जोशी ने ग्रामवासियों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की कल्याणकारी योजना नालसा योजना-2015 के बारे में जानकारी दी। इस दौरान उपस्थित ग्रामवासियों को आखातीज पर बाल विवाह रोकथाम का संकल्प दिलाया तथा शारदा एक्ट-1929 के बारे में बताया गया।