पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • गेहूं नहीं उठने से गुस्साए किसानों ने एफसीआई एरिया मैनेजर का किया घेराव, निगम को बुलानी पड़ी पुलिस

गेहूं नहीं उठने से गुस्साए किसानों ने एफसीआई एरिया मैनेजर का किया घेराव, निगम को बुलानी पड़ी पुलिस

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता| श्रीगंगानगर

एफसीआई और ट्रैक्टर ट्राली संचालकों द्वारा गेहूं उठाव धीमा होने के कारण धानमंडी में दो लाख क्विंटल गेहूं जमा हो गया। इससे गुस्साए किसानों का बुधवार को सब्र का बांध टूट गया। किसानों ने एफसीआई कार्यालय पहुंचकर निगम के एरिया मैनेजर हेमराज वर्मा का घेराव किया। किसानों ने सवाल उठाया कि गेहूं उठाव में ट्रकों की मदद क्यों नहीं ली जा रही? इस पर एरिया मैनेजर के ऊटपटांग जवाब से किसान गुस्सा हो गए। किसानों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। इससे माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया तो पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन किसानों ने पुलिस को वर्मा के कार्यालय में प्रविष्ट नहीं होने दिया। बाद में गुरुवार से 25 ट्रक लगाने पर सहमति हुई। इससे पूर्व गंगानगर किसान समिति की गुरुद्वारा सिंहसभा में बैठक हुई। इसमें वक्ताओं ने कहा कि ट्रैक्टर ट्राॅली यूनियन एफसीआई का सारा गेहूं नहीं उठा सकता। रोजाना 40 हजार क्विंटल गेहूं उठाया जाए तभी धानमंडी में वातावरण सामान्य होगा, जबकि ट्रैक्टर-ट्राॅलियों से मात्र छह सात हजार क्विंटल गेहूं उठाया जा सकता है। वक्ताओं के अनुसार यही कारण है कि धानमंडी में गेहूं की लंबी अौर ऊंची धांग लग गई। कुछ किसानों ने आरोप लगाया कि ट्रैक्टर ट्राॅली यूनियन वाले ट्रकों से उठाव करवाने में अड़ंगा डाल रहे हैं। इस पर गुस्साए किसानों ने दोपहर में एफसीआई कार्यालय पहुंचकर विरोध जताया। एफसीआई ने 25 ट्रक लगाने के आॅर्डर जारी कर दिए।

किसानों ने व्यापारियों से पिड़ खाली करने के लिए कहा

व्यापार मंडल कार्यालय में कच्चा आढ़तिया संघ पदाधिकारियों एवं एफसीआई के गेहूं उठाव में लगे ठेकेदार के साथ किसान नेताओं ने वार्ता की। इसमें किसान नेताओं ने सख्ती से कहा कि तुलाई के बाद थैलों में घटने वाले गेहूं के लिए किसान कतई जिम्मेदार नहीं है। धानमंडी के पिड़ों पर अगर धूप में गेहूं सूखा है तो इसके लिए ठेकेदार हर्जाना भरें। इस मौके पर गंगानगर किसान समिति के संयोजक रणजीत सिंह राजू, संतवीरसिंह मोहनपुरा, ट्राॅली यूनियन के कुलदीप बागड़ी सहित अनेक व्यापारी उपस्थित थे। किसानों ने व्यापारियों को अपनी जिंसों के थैले उठाने के लिए कहा है। जीकेएस प्रवक्ता मोहनपुरा के मुताबिक गुरुवार से 25 ट्रक और ट्रालियों की मदद से 45 हजार थैले रोजाना उठाने की व्यवस्था की गई है। बुधवार को 35 हजार थैले तथा मंगलवार को 25 हजार थैले उठाए गए थे। इससे धानमंडी की व्यवस्था बिगड़ रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि व्यवस्था सुधारने में किसी संगठन एवं अधिकारियों ने सहयोग नहीं किया। इसलिए उन्हें आगे आना पड़ा।

खबरें और भी हैं...